बीकानेर में आम दिनों में सख्त अनुशासन और ड्यूटी में व्यस्त रहने वाली पुलिस इस बार होली पर रंगों में सराबोर नजर आई। पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में वरिष्ठ अधिकारियों से लेकर जवानों तक सभी ने मिलकर उत्सव मनाया। ढोल और डीजे की धुन पर पुलिसकर्मियों ने जमकर नृत्य किया और कुछ समय के लिए पद का अंतर पूरी तरह समाप्त हो गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक कावेंद्र सिंह सागर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चक्रवर्ती सिंह और बी.एल. मीणा सहित सभी थानाधिकारी मौजूद रहे। “हो गई तेरी बल्ले बल्ले” गीत पर पुलिस अधीक्षक कावेंद्र सिंह सागर स्वयं नृत्य करने लगे और जवानों ने भी उनका साथ दिया। निरीक्षकों और कांस्टेबलों के साथ उन्होंने पूरे उत्साह से रंगों का पर्व मनाया। इस दौरान महिला पुलिस निरीक्षक कविता पूनिया ने भी नृत्य किया, वहीं महिला आरपीएस अधिकारियों ने पंजाबी गीतों पर थिरककर माहौल को और उल्लासपूर्ण बना दिया। पुलिसकर्मी एक-दूसरे को गुलाल लगाते हुए शुभकामनाएं देते नजर आए। पुलिस अधीक्षक कावेंद्र सिंह सागर ने कहा कि होली के दौरान शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मी कई दिनों से लगातार ड्यूटी में लगे हुए थे। पुराने शहर में भी विशेष तैनाती रही। ऐसे में बुधवार को अवसर मिलने पर पुलिस परिवार ने एक साथ होली खेली। थानों में भी खेली गई होली जिले के विभिन्न थानों में भी बुधवार को पुलिसकर्मियों ने मिलकर होली मनाई। अधिकारियों और जवानों ने एक-दूसरे को रंग लगाकर बधाई दी। हालांकि कुछ पुलिसकर्मी ड्यूटी के कारण शामिल नहीं हो सके, फिर भी अधिकांश ने एकजुट होकर उत्सव मनाया। सख्त कर्तव्य निभाने के बाद पुलिस के इन रंगीन पलों ने यह संदेश दिया कि जिम्मेदारी के साथ-साथ आपसी भाईचारा और सद्भाव भी उतना ही आवश्यक है।


