अशोकनगर में बुधवार सुबह एक 60 वर्षीय बुजुर्ग की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसा बड़े ओवरब्रिज के नीचे रेलवे ट्रैक पर हुआ। मृतक की पहचान प्रकाश पुत्र रामगोपाल देवलिया के रूप में हुई है। रोज की तरह दूध लेने जा रहे थे जानकारी के अनुसार प्रकाश अपने घर जगदंबा कॉलोनी से रेलवे ट्रैक के दूसरी ओर स्थित डेयरी पर दूध लेने जा रहे थे। वह प्रतिदिन इसी रास्ते से आते-जाते थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक एक लाइन से मेमू ट्रेन गुजर रही थी, जिसे देखकर प्रकाश पटरियों के पास रुक गए। इसी दौरान दूसरी लाइन पर अचानक एक मालगाड़ी आ गई, जिसे वह देख नहीं पाए और उसकी चपेट में आ गए। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। शव को जिला अस्पताल लाया गया, जहां पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। परिजनों ने बताया कि कुछ समय पहले प्रकाश के छोटे भाई की भी रेलवे ट्रैक पार करते समय ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो चुकी है। उस समय वह घर से मंदिर जा रहे थे।


