शिवपुरी जिले के रन्नौद थाना क्षेत्र के खोराना गांव में मंगलवार रात 500 रुपए का नोट फाड़ने को लेकर लोधी और आदिवासी समाज के दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट और पथराव में बदल गई, जिसमें चार लोग घायल हो गए। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर क्रॉस केस दर्ज कर छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। घटना मंगलवार रात करीब 8 बजे खोराना गांव के बड़े महाराज मंदिर के पास हुई। आदिवासी समाज के युवक बलवीर आदिवासी ने आरोप लगाया कि उसने अरविंद लोधी को शराब लाने के लिए 500 रुपए का नोट दिया था, जिसे अरविंद ने फाड़ दिया। विरोध करने पर लाठी-डंडों से हमला बलवीर के विरोध करने पर आरोप है कि अरविंद लोधी ने जातिसूचक गालियां देते हुए लाठी से हमला कर दिया। बलवीर के शोर मचाने पर दिलीप आदिवासी और नातीराजा आदिवासी उसे बचाने पहुंचे, लेकिन आरोपियों ने उन्हें भी घेर लिया और पत्थर व लाठियों से हमला कर दिया। हमले में दिलीप आदिवासी के सिर में गंभीर चोट आई, जिससे वह मौके पर ही बेहोश हो गया। नातीराजा आदिवासी भी घायल हुआ है। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। दूसरे पक्ष ने भी लगाए आरोप दूसरे पक्ष से अमोल लोधी ने बताया कि वह झगड़ा शांत कराने पहुंचा था, तभी बलवीर आदिवासी और बट्ट आदिवासी ने उस पर पत्थर से हमला कर दिया। इस हमले में उसके माथे में चोट आई और खून बहने लगा। सूचना मिलते ही रन्नौद थाना प्रभारी अरविंद सिंह चौहान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया। सभी घायलों को रन्नौद स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर छह लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में क्रॉस केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


