सिंगरौली जिले के बैढ़न थाना क्षेत्र के गनियारी मुख्य मार्ग पर मंगलवार रात ट्रैक्टर की बैटरी चोरी करने का प्रयास किया गया। रात करीब 2 बजे एक युवक को बैटरी निकालते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया, जिसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अंधेरे में बैटरी चोरी, ग्रामीणों ने युवक पकड़ा स्थानीय लोगों के अनुसार, युवक अंधेरे का फायदा उठाकर ट्रैक्टर की बैटरी खोलने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान ट्रैक्टर मालिक की नींद खुल गई। उन्होंने बाहर आकर शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए और युवक को पकड़ लिया। पकड़े गए युवक की पहचान गनियारी निवासी बृजेश शाह के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक ने मौके पर स्वीकार किया कि वह ‘खर्चा-पानी’ के लिए बैटरी निकालने की कोशिश कर रहा था। युवक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया घटना की सूचना तत्काल बैढ़न थाना पुलिस को दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवक को थाने ले गई। थाना प्रभारी अशोक सिंह परिहार ने बताया कि बृजेश शाह को संदेह के आधार पर हिरासत में लिया गया है और उससे विस्तृत पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने बताया कि मामले की विवेचना जारी है। पुलिस यह जांच कर रही है कि युवक का इरादा वास्तव में चोरी का था या उसे किसी अन्य कारण से पकड़ा गया। पुलिस सभी संबंधित पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।


