जोधपुर में गर्मी के लिए जल भंडारण और फिल्टर प्लांट, पंप हाउस, पाइपलाइनों के आवश्यक रख-रखाव व सफाई के चलते कल शहर के सभी फिल्टर हाउस से सभी क्षेत्रों में जलापूर्ति बंद रहेगी। जोधपुर शहर के कायलाना, चौपासनी व सुरपुरा फिल्टर हाउस से संबंधित सभी क्षेत्रों में 5 मार्च को होने वाली जलापूर्ति 6 मार्च और 6 मार्च को होने वाली जलापूर्ति 7 मार्च को की जाएगी। इन क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति रहेगी प्रभावित जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग (पीएचईडी) जोधपुर के अधीक्षण अभियंता राजेंद्र मेहता ने बताया- झालामंड एव तख्त सागर फिल्टर हाउस से जुडे़ क्षेत्र सरस्वती नगर व कुड़ी भगतासनी हाउसिंग बोर्ड के विभिन्न सेक्टरों एवं पाल बाइपास, शिल्पग्राम के आसपास क्षेत्रों में 5 मार्च को सुबह 10 बजे तक की जाने वाली जलापूर्ति सामान्य रूप से होगी। इन क्षेत्रों में 6 मार्च को की जाने वाली जलापूर्ति 7 मार्च को एवं 7 मार्च की जलापूर्ति 8 मार्च को की जाएगी।


