रीवा में रंगों में डूबा डिप्टी सीएम का आवास:नगरिया–फाग गीतों के बीच राजेंद्र शुक्ल ने कार्यकर्ताओं के संग मनाया रंगोत्सव

रंगों के पर्व होली पर पूरे देश के साथ विंध्य अंचल भी उत्साह और उल्लास में डूबा नजर आया। इसी कड़ी में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल के निवास पर पारंपरिक रंग-रौनक और सांस्कृतिक उल्लास के साथ होली मनाई गई। सुबह से ही उनके आवास पर कार्यकर्ताओं, समर्थकों और आम नागरिकों की भीड़ जुटने लगी। उपमुख्यमंत्री के निवास परिसर में प्रवेश करते ही अबीर-गुलाल की खुशबू और फाग गीतों की गूंज ने माहौल को रंगमय बना दिया। पारंपरिक वेशभूषा में पहुंची फाग मंडली ने नगरिया और ढोल-नगाड़ों की थाप के साथ रंगोत्सव का शुभारंभ किया। उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने सभी आगंतुकों को तिलक लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। समर्थकों और कार्यकर्ताओं ने गुलाल उड़ाकर उत्सव को और भी जीवंत बना दिया। इस दौरान पूरा परिसर रंगों और संगीत से सराबोर नजर आया। खुद भी रंग में रंगे डिप्टी सीएम कार्यक्रम के दौरान उपमुख्यमंत्री स्वयं भी होली के रंग में रंगे नजर आए। उन्होंने ढोल-नगाड़ों की थाप पर फाग गायन किया और नगरिया बजाकर लोकधुनों का आनंद लिया। “होली है” के जयकारों के बीच पारंपरिक फाग गीत गाए गए, जिससे माहौल पूरी तरह सांस्कृतिक रंग में ढल गया। मीडिया से बातचीत में उपमुख्यमंत्री ने कहा कि होली केवल रंगों का पर्व नहीं, बल्कि प्रेम, भाईचारे और सामाजिक समरसता का संदेश देने वाला त्योहार है। उन्होंने कहा कि ऐसे पर्व समाज को जोड़ने का काम करते हैं। साथ ही उन्होंने प्रदेशवासियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए शांति, सौहार्द और खुशहाली की कामना की तथा सुरक्षित और मर्यादित तरीके से होली मनाने की अपील की। लोक-संस्कृति की दिखी खास झलक हर वर्ष की तरह इस बार भी उपमुख्यमंत्री के निवास पर लोक-संस्कृति की विशेष झलक देखने को मिली। फाग गीतों, पारंपरिक वाद्य यंत्रों और नगरिया की संगत ने आयोजन को यादगार बना दिया। रंग, संगीत और उत्साह के इस संगम ने विंध्य की सांस्कृतिक परंपरा को जीवंत कर दिया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *