भोपाल के आनंद नगर स्थित लक्ष्मी हॉस्पिटल में एक युवक की मौत के बाद बुधवार सुबह हंगामा हो गया। मृतक के परिजन ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर विरोध किया और तोड़फोड़ शुरू कर दी। स्थिति बिगड़ती देख अस्पताल स्टाफ ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझाने की कोशिश की, लेकिन इसी दौरान परिजन और उनके परिचित उग्र हो गए और पुलिस पर पथराव कर दिया। इसमें एक पुलिसकर्मी के सिर में गंभीर चोट आई, जबकि तीन अन्य को मामूली चोटें लगी हैं। यह घटना सुबह करीब 10:30 बजे शुरू हुई और लगभग एक घंटे तक चली। पुलिस ने हंगामा कर रहे दो दर्जन से ज्यादा लोगों को हिरासत में लेकर पिपलानी थाना भेज दिया है। सुरक्षा के लिहाज से मौके पर दो थानों का पुलिस बल तैनात किया गया है। हंगामे की 4 तस्वीरें देखिए… मौत से भड़की भीड़ ने अस्पताल में की तोड़फोड़ जानकारी के अनुसार लक्ष्मण वंशकार आदमपुर छावनी का रहने वाला था। पेट की गंभीर समस्या के चलते उसे बीती रात अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मौत के बाद परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया। उनका कहना था कि डॉक्टरों की लापरवाही के कारण ही लक्ष्मण की जान गई है। परिजन इलाज करने वाले डॉक्टर से मिलना चाहते थे, लेकिन अस्पताल स्टाफ ने बताया कि फिलहाल डॉक्टर अस्पताल में मौजूद नहीं हैं। इस बात से नाराज परिजन भड़क गए और उन्होंने अस्पताल में हंगामा शुरू कर दिया। गुस्साए लोगों ने अस्पताल में तोड़फोड़ भी की, जिसके बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई। इलाज करने वाले डॉक्टर की गिरफ्तारी की मांग हंगामा बढ़ता देख अस्पताल स्टाफ ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने हंगामा कर रहे लोगों से थाने चलकर शिकायत दर्ज कराने की बात कही। पुलिस ने यह भी आश्वासन दिया कि मामले में मर्ग कायम किया जाएगा और शव का पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। पीएम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। इसके बावजूद परिजन तत्काल कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे और इलाज करने वाले डॉक्टर की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। इसी बात को लेकर परिजन और पुलिस के बीच विवाद बढ़ गया, जिसके बाद स्थिति बेकाबू हो गई और पथराव शुरू हो गया। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। हालात बिगड़ते देख आसपास के थानों से भी पुलिस बल मौके पर बुलाया गया, जिसके बाद स्थिति पर काबू पाया गया।


