लंदन में यूथ आइकन अवार्ड से सम्मानित होने के बाद लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह पहली बार अपने गृह क्षेत्र रामपुर पहुंचे। इस अवसर पर रामपुर के प्रवेश द्वार भैरा खड्ड से लेकर पूरे क्षेत्र में उनका भव्य स्वागत किया गया। भैरा खड्ड में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने विक्रमादित्य सिंह और उनकी पत्नी का जोरदार अभिनंदन किया। इसके बाद नीरथ, भद्राश, दत्तनगर, नोगली और शिंगला जीरो पॉइंट पर तोरणद्वार लगाकर ग्रामीणों ने उनका स्वागत किया। राज दरबार पहुंचने पर हुआ भव्य स्वागत मंत्री विक्रमादित्य सिंह राज दरबार भी पहुंचे, जहां सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया। कांग्रेस कमेटी रामपुर ने उन्हें टोपी और शॉल भेंट कर सम्मानित किया, जिसके बाद विभिन्न महिला मंडलों ने भी उनका अभिनंदन किया। कांग्रेस कमेटी रामपुर ने इस अवसर पर कहा कि यह गर्व की बात है कि पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के बेटे और वर्तमान लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह को लंदन में यूथ आइकन अवार्ड से नवाजा गया है। समिति ने इसे हिमाचल की राजनीति में पहली बार बताया, जब किसी युवा नेता को विदेश में ऐसा सम्मान मिला हो। साढ़े 3 साल में केंद्र से लाए 8 हजार करोड़ : विक्रमादित्य अपने गृहक्षेत्र रामपुर के दौरे के दौरान एक जनसभा को संबोधित करते हुए लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने बताया कि वे पिछले साढ़े तीन वर्षों में केंद्र सरकार से 8 हजार करोड़ रुपए लाने में सफल रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि रामपुर विधानसभा क्षेत्र में पिछले साढ़े तीन वर्षों में लोक निर्माण विभाग के तहत 440 करोड़ रुपए के विकास कार्य किए गए हैं। मंत्री ने ज्यूरी से सराहन तक की सड़क के सुधार के लिए 25 करोड़ रुपए आवंटित किए जाने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि टिक्कर खमाड़ी सड़क के लिए केंद्र सरकार से 55 करोड़ रुपए प्राप्त हुए हैं। विक्रमादित्य सिंह ने हिमाचल के विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई और कहा कि जल्द ही मशनु से सराहन तक की सड़क को पक्का करने के लिए डीपीआर तैयार की जाएगी। उन्होंने खनेरी स्थित ट्रामा सेंटर में स्टाफ की नियुक्ति को प्राथमिकता बताया और ग्रामीण सड़कों के निर्माण में आम ग्रामीणों की सहभागिता को भी आवश्यक बताया। यहां देखिए फोटो…


