कुल्लू जिले के मनाली में पुलिस ने दो युवकों को 91.29 ग्राम चिट्टे (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 2 मार्च 2026 की रात को हुई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को होटल के कमरे से पकड़ा है। बता दे कि पुलिस को आईबेक्स चौक पर एक विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि मनाली के गोंपा रोड पर स्थित एक निजी होटल के कमरा नंबर 202 में दो युवक चिट्टा बेचने का काम कर रहे हैं। सूचना के आधार पर, सब-इंस्पेक्टर देवेंद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने स्वतंत्र गवाहों के साथ होटल में दबिश दी। कमरे में मौजूद युवकों की पहचान विजय कुमार (31) निवासी भूना, फतेहाबाद (हरियाणा) और संजीव वैद्य (24) निवासी सेक्टर 25-डी, चंडीगढ़ के रूप में हुई। दो आरोपी गिरफ्तार, हेरोइन बरामद तलाशी के दौरान, डबल बेड के तकिये के नीचे रखे खाकी रंग के कागजी बैग से एक पारदर्शी पॉलीथीन लिफाफा बरामद हुआ। इस लिफाफे में हल्के पीले रंग का दानेदार पदार्थ था, जो सूंघने और अनुभव के आधार पर चिट्टा/हेरोइन प्रतीत हुआ। एटीएम कार्ड और नकदी बरामद इसका वजन पॉलीथीन सहित कुल 91.290 ग्राम पाया गया। बैग से एक बीड़ी बंडल, लाइटर और विजय कुमार के नाम का एसबीआई एटीएम कार्ड व 1100 रुपये वाला एक काला लेदर पर्स भी मिला।इस बरामदगी के आधार पर, मनाली थाना में 3 मार्च 2026 को एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 और 29 के तहत अभियोग संख्या 29/26 दर्ज किया गया है। मामले की आगे की जांच सब-इंस्पेक्टर देवेंद्र कुमार कर रहे हैं।


