कोरबा के पाली थाना इलाके में चैतुरगढ़ राहा सपलवा पहाड़ पर एक युवती का अर्धजला शव मिला है। उसकी उम्र करीब 20-22 वर्ष होगी। दरअसल, मंगलवार दोपहर को गांव के कोटवार ने पुलिस को सूचना दी कि, ग्रामीणों ने पहाड़ पर एक अर्धनग्न जला हुआ शव देखा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। जांच में पता चला कि, युवती के गले में कपड़ा बंधा है। पुलिस को आशंका है कि पहले कपड़े से गला घोंटकर हत्या की गई। फिर सबूत मिटाने के लिए शव को जलाने का प्रयास किया गया। गांवों में मुनादी, वॉट्सऐप पर भेजा गया फोटो शव बुरी तरह जला होने के कारण पहचान करना मुश्किल हो रहा है। पाली थाना प्रभारी विनोद सिंह के अनुसार, युवती की पहचान के लिए आसपास के गांवों में मुनादी कराई जा रही है। साथ ही वॉट्सऐप और सोशल मीडिया पर भी फोटो शेयर किए जा रहे हैं। पुलिस जिले के सभी थानों से लापता युवतियों की जानकारी जुटा रही है। मामले की जांच में फोरेंसिक एक्सपर्ट और डॉग स्क्वायड की मदद ली जा रही है। पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है।


