बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में रंगों का पर्व होली उल्लास के साथ मनाया गया। गांव से लेकर शहर तक होली की रौनक देखने को मिली, जहां लोग अबीर-गुलाल लगाकर एक-दूसरे को बधाई दी। रामानुजगंज में नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल ने नगर के ऐतिहासिक गांधी मैदान में होली मिलन समारोह का आयोजन किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लिया और आपसी सौहार्द एवं भाईचारे का संदेश दिया। स्थानीय लोक कलाकारों ने फाग गीत प्रस्तुत किए, जिन पर लोग घंटों झूमते रहे। वहीं, बलरामपुर में भाजपा जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश जायसवाल के नेतृत्व में भी होली मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। ग्रामीण क्षेत्रों में भी होली की धूम जिले के कुसमी, राजपुर, वाड्रफनगर और शंकरगढ़ जैसे अन्य स्थानों पर भी होली की विशेष रौनक देखी गई। इन क्षेत्रों में विभिन्न होली मिलन समारोह, सांस्कृतिक कार्यक्रम और सामूहिक उत्सवों का आयोजन किया गया। मंत्री राम विचार नेताम ने दी शुभकामनाएं रामानुजगंज विधानसभा के विधायक और कृषि मंत्री राम विचार नेताम ने जिलेवासियों और प्रदेशवासियों को होली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सभी से आपसी प्रेम, सद्भाव और शांति बनाए रखने की अपील की। पुलिस की सख्त सुरक्षा व्यवस्था त्योहार के मद्देनजर जिले भर में पुलिस की चाक-चौबंद व्यवस्था देखने को मिली। प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस बल तैनात रहा, जिससे होली का पर्व शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सका।


