श्योपुर में दोपहर तक जमकर उड़ा रंग-गुलाल:सुबह से निकली युवाओं की टोलियां, डीजे पर जमकर थिरके हुरियारे

शहर और अंचल में बुधवार को होली का पर्व धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक, सभी आयु वर्ग के लोगों ने जमकर रंग-गुलाल उड़ाया। सुबह से ही मोहल्लों, कॉलोनियों और चौक-चौराहों पर होली की रौनक दिखाई दी। दिनभर परिचितों और रिश्तेदारों के घर जाकर एक-दूसरे को रंग लगाकर शुभकामनाएं दी गईं। यह पर्व जिलेभर में उत्साह, भाईचारे और सौहार्द के साथ यादगार तरीके से मनाया गया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष शशांक भूषण ने अपने निवास पर होली मिलन समारोह का आयोजन किया। इसमें शहर के गणमान्य नागरिक, कार्यकर्ता और आमजन शामिल हुए। सभी ने एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। अतिथियों के लिए अल्पाहार की भी व्यवस्था की गई थी, जिससे समारोह में सौहार्दपूर्ण माहौल बना रहा। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक, डीजे साउंड पर बजते गीतों की धुन पर हुरियारों की टोलियां जमकर थिरकीं। युवाओं ने एक-दूसरे को रंगों से सराबोर किया, वहीं बच्चों में भी खासा उत्साह देखा गया। कई स्थानों पर पारंपरिक फाग गीतों की भी प्रस्तुतियां दी गईं, जिसने पर्व की रौनक बढ़ा दी। जिले के अन्य कस्बों और गांवों जैसे बड़ौदा, वीरपुर, कराहल, विजयपुर, मानपुर, ढोढर, पांडोला और दांतरदा में भी होली का उत्साह चरम पर रहा। इन क्षेत्रों में भी सुबह से ही लोगों ने रंग-गुलाल लगाना शुरू कर दिया था। महिलाओं और बच्चों ने भी इस पर्व में उत्साहपूर्वक भाग लिया। होली के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। शहर के मुख्य मार्गों, संवेदनशील इलाकों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस बल तैनात किया गया था। पुलिसकर्मी पूरे दिन ड्यूटी पर मुस्तैद रहे। ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी के माध्यम से भी निगरानी की गई, जिसके परिणामस्वरूप जिले में कोई अप्रिय घटना सामने नहीं आई।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *