निवाड़ी में समर्थकों संग डीजे की धुन पर थिरके विधायक:त्योहारों के बीच पुलिस ने चलाया चेकिंग अभियान; दो नाबालिग को दी समझाइश

निवाड़ी में होली का त्योहार उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। एक ओर क्षेत्रीय विधायक अनिल जैन अपने समर्थकों के साथ रंग-गुलाल में सराबोर नजर आए, वहीं दूसरी ओर पुलिस प्रशासन ने कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सड़कों पर सख्ती बरती। विधायक अनिल जैन ने अपने समर्थकों के साथ जमकर होली खेली। इस दौरान डीजे की धुन पर विधायक समर्थकों के साथ थिरकते दिखे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। त्योहार में प्रेम और शांति बनाए रखने की अपील विधायक ने सभी क्षेत्रवासियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए इसे आपसी भाईचारे और सौहार्द का प्रतीक बताया। उन्होंने लोगों से त्योहार को प्रेम और शांति के साथ मनाने और सामाजिक समरसता बनाए रखने की अपील की। होली के दिन निवाड़ी जिला मुख्यालय पर कुछ युवाओं की ओर से बाइक पर चार-चार सवार होकर घूमने और यातायात नियमों की अनदेखी करने की शिकायतें सामने आईं। इन शिकायतों के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया।
पुलिस ने विशेष चेकिंग अभियान चलाया पुलिस अधीक्षक डॉ. राय सिंह नरवरिया के निर्देशन में एक विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। यातायात प्रभारी नीरज शर्मा और कोतवाली प्रभारी बलजीत सिंह के नेतृत्व में शहर के प्रमुख चौराहों पर वाहनों की सघन जांच की गई। इस दौरान नाबालिगों द्वारा चलाई जा रही बाइकों को रोका गया। नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई पुलिस ने नाबालिग चालकों को सख्त हिदायत दी कि त्योहार कोई भी हो, यातायात नियमों का पालन अनिवार्य है। नियमों की अनदेखी करने पर चालानी कार्रवाई की चेतावनी दी गई। कई मामलों में नाबालिग चालकों के अभिभावकों को मौके पर बुलाकर समझाइश भी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि त्योहार की खुशी में किसी की जान जोखिम में नहीं डाली जा सकती और सड़क सुरक्षा सर्वोपरि है। नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *