होली पर्व से पहले के बावजूद दिनदहाड़े एक युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना भंवरकुआ थाना क्षेत्र के शिव पार्वती नगर, पालदा की है। जानकारी के मुताबिक, शिव पार्वती नगर, पालदा निवासी 20 वर्षीय आदित्य पुत्र जयराम जमरे का मंगलवार दोपहर घर के पास ही किसी बात को लेकर अज्ञात बदमाशों से विवाद हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद अचानक बढ़ा और बदमाशों ने आदित्य के सीने में चाकू मार दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद परिजन गंभीर रूप से घायल आदित्य को तत्काल वाहन से इलाज के लिए महाराजा यशवंतराव अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
परिवार के लोगो ने बताया कि आदित्य पालदा इलाके की निजी कंपनी में काम करता है। परिवार मूल रूप से बडवानी का रहने वाला है। आदित्य के परिवार के एक बहन ओर दो भाई है। पिता बड़वानी में खेती किसानी करते है।
परिवार के मुताबिक होली खेलने के दौरान तेजाजी चौक में रहने वाले अरूण नाम के युवक से उसकी कहासुनी हुई थी। इसके बाद अरूण ने उसे चाकू मार दिया। दोस्त उसे घायल अवस्था में लेकर एमवाय आए थे। इस दौरान उसकी मौत हो गई।


