छतरपुर में युवक पर पेट्रोल डाला:रंग समझकर बैठा रहा पीड़ित; अलाव तापते समय झुलसा, हालत गंभीर

छतरपुर जिले के बमीठा थाना क्षेत्र की चंदन नगर चौकी के अंतर्गत बुधवार सुबह होली के दिन एक युवक पर पेट्रोल डालकर जलाने का मामला सामने आया है। गांव के ही एक युवक ने रंग की जगह बोतल से पेट्रोल डाल दिया, जिससे अलाव ताप रहा युवक बुरी तरह झुलस गया। गंभीर रूप से झुलसे याकूब खान को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है और पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है। घायल याकूब खान ने बताया कि बुधवार सुबह करीब 6 बजे वह खेत पर जा रहा था। रास्ते में वह गांव के बाहर अपने दो साथियों के साथ आग तापने लगा। इसी दौरान गांव का रामगोपाल यादव एक बोतल लेकर वहां पहुंचा। याकूब के अनुसार, उसे लगा कि होली का त्योहार होने के कारण आरोपी रंग डालने आया है। लेकिन रामगोपाल ने रंग की जगह उस पर पेट्रोल डाल दिया। पेट्रोल गिरते ही भड़की आग, बोरा डालकर बचाई जान आग तापने के कारण पेट्रोल गिरते ही लपटें भड़क उठीं और याकूब के कपड़ों में आग लग गई। उसके साथियों ने जूट का बोरा और कपड़े डालकर किसी तरह आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक याकूब बुरी तरह झुलस चुका था। पेट्रोल डालने के बाद आरोपी रामगोपाल मौके से फरार हो गया। घटना के बाद परिजन घायल को तत्काल जिला अस्पताल ले गए। परिजनों ने कहा- गांव में था भाईचारा, हमला समझ से परे घायल की बड़ी बहन नफीसा और राफीकन खान ने बताया कि गांव में वर्षों से आपसी भाईचारे का माहौल रहा है। उन्होंने इस हमले को ‘समझ से परे’ बताया। परिजनों का कहना है कि याकूब ने होली का त्योहार होने के कारण समझा कि आरोपी रंग डालने आया है, लेकिन वह पेट्रोल निकला, जिससे उन्हें बचाव का मौका नहीं मिला। पुलिस ने बमीठा थाने में रिपोर्ट दर्ज कर ली है और फरार आरोपी रामगोपाल यादव की तलाश जारी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *