शहर से 8 किलोमीटर दूर एक पेट्रोल पंप पर बुधवार तड़के लूट हो गई। अज्ञात बदमाशों ने पेट्रोल पंप कर्मचारियों से मारपीट की। ऑफिस में गल्ले में रखे 1.98 लाख रुपए निकाले और झोले में रखकर फरार हो गए। पंप पर लगे CCTV में लूट की यह घटना कैद हो गई। गादेर स्थित मां भगवती पेट्रोल पंप पर बुधवार तड़के 4.30 बजे लूट की घटना घटी। दो नकाबपोश बदमाश पंप पर पहुंचे। उन्होंने पंपकर्मियों से विवाद शुरू कर दिया। बहस करते हुए उन्होंने मारपीट शुरू कर दी। मारपीट के बाद एक बदमाश थैला लेकर ऑफिस में घुसा और गल्ले में रखे रुपए भर लिए। कर्मचारियों ने पेट्रोल पंप मालिक और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची धरनावदा पुलिस ने जांच की। पेट्रोल पंप के मालिक ने बताया कि सुबह दो अज्ञात बदमाशों ने कर्मचारियों के साथ मारपीट की है। पैसे भी लूटकर ले गए हैं। लूट की पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है। SP को शिकायती आवेदन दिया है।


