सिवनी जिले के धूमा थाना क्षेत्र अंतर्गत धूमा बाईपास के समीप 4 मार्च बुधवार सुबह लगभग 1 बजे एक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर खेत में पलट गया। इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, हालांकि वाहन को भारी क्षति पहुंची है। जानकारी के अनुसार, पिकअप वाहन लखनादौन से जबलपुर की ओर जा रहा था। धूमा बाईपास के पास पहुंचते ही चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिसके परिणामस्वरूप वाहन सड़क से उतरकर पलट गया। गनीमत रही कि वाहन चालक सुरक्षित रहा और उसे कोई गंभीर चोट नहीं आई। जिस स्थान पर यह हादसा हुआ, वहां दिनभर लोगों और वाहनों की आवाजाही बनी रहती है। यदि घटना के समय सड़क पर अन्य वाहन या राहगीर मौजूद होते, तो एक बड़ा हादसा हो सकता था। स्थानीय लोगों ने सड़क पर बने स्पीड ब्रेकरों की उचित मार्किंग और संकेतक लगाने की मांग की है, ताकि वाहन चालक समय रहते गति नियंत्रित कर सकें। घटना की सूचना मिलते ही धूमा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू कराया। धूमा थाना प्रभारी डोमन सिंह मारवी ने बताया कि सड़क हादसे की सूचना मिली थी और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर हादसे का कारण तेज रफ्तार और स्पीड ब्रेकर पर लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाना माना जा रहा है। थाना प्रभारी ने कहा कि पुलिस द्वारा लगातार वाहन चालकों को सावधानीपूर्वक वाहन चलाने और यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश दी जा रही है। इसके बावजूद कुछ लोग लापरवाही बरत रहे हैं, जिसके चलते इस तरह की दुर्घटनाएं सामने आ रही हैं। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित गति सीमा का पालन करें, स्पीड ब्रेकरों के पास विशेष सतर्कता बरतें और अपनी तथा दूसरों की सुरक्षा को प्राथमिकता दें।


