उदयपुर के धानमंडी बाजार में किराणा दुकान में घुसे चोर:70 हजार कैश समेत सोने का ब्रेसलेट ले गए, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

उदयपुर के सबसे व्यस्त व्यापारिक क्षेत्र धानमंडी थाना इलाके से चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। शहर के बीचों-बीच स्थित तेल बाजार में बदमाशों ने एक किराना दुकान को अपना निशाना बनाया और वहां से नकदी सहित लाखों के जेवरात पार कर दिए। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। इसके आधार पर पुलिस आरोपियों की सरगर्मी से तलाश कर रही है। मंगलवार देर रात करीब 3 बजे की है। जानकारी के अनुसार चोरी की यह वारदात तेल बाजार स्थित हीरालाल साहू की किराना दुकान पर हुई। बीती रात जब पूरा शहर सो रहा था, तब बदमाशों ने इस वारदात को अंजाम दिया। शातिर चोरों ने पहले दुकान के बाहर लगे शटर को बड़ी चालाकी से तोड़ा और फिर अंदर दाखिल हो गए। बदमाशों ने बड़े आराम से दुकान की तलाशी ली और वहां रखे करीब 70 हजार रुपए नकद बटोर लिए। चोरों का लालच यहीं खत्म नहीं हुआ, उन्होंने गल्ले और अलमारी में रखे सोने के ब्रेसलेट पर भी हाथ साफ कर दिया। नकदी और जेवरात के साथ ही बदमाश दुकान में रखे कुछ जरूरी कागजात और दस्तावेज भी अपने साथ ले उड़े। सीसीटीवी कैमरे में 3 आरोपियों ने शटर तोड़ते दिखे। इसके बाद अलग-अलग चोर ने अलग-अलग मूवमेंट किया। सुबह जब दुकानदार हीरालाल साहू अपनी दुकान पर पहुंचे, तो वहां का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। दुकान का शटर टूटा हुआ था और अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा था। गल्ला खाली देखकर उन्हें चोरी का अहसास हुआ, जिसके बाद तुरंत धानमंडी थाना पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटना स्थल का बारीकी से मुआयना किया। दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला गया तो उसमें बदमाश चोरी करते हुए साफ नजर आ रहे हैं। पुलिस ने फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है। पीड़ित दुकानदार की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया गया है। धानमंडी थाना पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के जरिए बदमाशों के हुलिए की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *