डीग के खोह थाना क्षेत्र के ककड़ा गांव में एक विवाहिता ने फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया। मृतका की पहचान नोसीदा पत्नी रोबिन, निवासी भादाका (वर्तमान में ससुराल ककड़ा) के रूप में हुई है। परिजनों ने पुलिस को बताया कि नोसीदा पिछले डेढ़-दो साल से अवसाद से पीड़ित थी और उसका मनोरोग संबंधी इलाज भी चल रहा था। परिजनों के अनुसार, नोसीदा की शादी वर्ष 2020 में हुई थी और उसके तीन बच्चे हैं। मंगलवार को उसने अपने ससुराल में कपड़े से फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीग जिला अस्पताल के मुर्दाघर में रखवाया। मृतका के पिता कासम पुत्र हरिसिंह, निवासी भादाका (थाना गोपालगढ़) ने बुधवार को पुलिस को एक प्रार्थना पत्र दिया। इसमें उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्हें अपनी बेटी की मौत पर किसी प्रकार का संदेह नहीं है और वे कोई कानूनी कार्रवाई नहीं चाहते। उन्होंने नियमानुसार प्रक्रिया पूरी कर शव सुपुर्द करने का अनुरोध किया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मर्ग धारा 194(3)(1) बीएनएसएस के तहत मामला दर्ज किया है। चूंकि विवाहिता ने शादी के पांच साल के भीतर आत्महत्या की है, इसलिए नियमानुसार मर्ग की जांच सक्षम अधिकारी द्वारा की जाएगी। इस प्रकरण की जांच उपखंड मजिस्ट्रेट डीग, मुकेश चौधरी को सौंपी गई है।


