डीजे पर डांस करते युवकों के दो गुट भिड़े:रामानुजगंज में होली पर तनाव, मौके पर पहुंची पुलिस ने संभाला

रामानुजगंज नगर के लरंगसाय चौक पर होली के अवसर पर उस समय तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई, जब डीजे पर डांस कर रहे युवकों के दो समूहों के बीच मामूली कहासुनी ने उग्र रूप ले लिया। हालांकि, पुलिस की तत्परता और समझाइश से हालात पर काबू पा लिया गया और बाद में कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से पुनः शुरू हो सका। जानकारी के अनुसार, होली पर्व के मद्देनजर लरंगसाय चौक पर स्थानीय युवक डीजे पर डांस कर रहे थे। रंग-गुलाल और म्यूजिक के बीच बड़ी संख्या में युवक और दर्शक मौजूद थे। इसी दौरान दूसरे मोहल्ले से कुछ युवक भी वहां पहुंचे और डांस में शामिल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, डांस के दौरान किसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच तू-तू मैं-मैं शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद ने तूल पकड़ लिया और बात हाथापाई तक पहुंच गई। मौके पर मौजूद युवकों की भीड़ बढ़ने लगी, जिससे स्थिति और अधिक आक्रामक होती चली गई। घटना की सूचना मिलते ही यातायात पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने का प्रयास किया। प्रारंभिक स्तर पर पुलिसकर्मियों ने दोनों पक्षों को समझाने-बुझाने की कोशिश की, लेकिन भीड़ अधिक होने और युवकों के उत्तेजित होने के कारण हालात तुरंत नियंत्रित नहीं हो सके। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस बल को बुलाया गया। बड़ी संख्या में पुलिस जवानों के मौके पर पहुंचने के बाद स्थिति पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया गया। पुलिस अधिकारियों ने दोनों पक्षों को अलग किया और काफी देर तक समझाइश दी। वरिष्ठ अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। लगभग एक घंटे की मशक्कत और समझाइश के बाद माहौल शांत हुआ। इसके बाद आपसी सहमति से पुनः डीजे कार्यक्रम प्रारंभ किया गया और युवाओं ने शांतिपूर्ण ढंग से होली का उत्सव मनाया। पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से पर्व-त्योहार के दौरान सौहार्द और भाईचारे की भावना बनाए रखने की अपील की है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *