भास्कर न्यूज | दरिमा साक्षरता मिनी स्टेडियम दरिमा में आयोजित ओपन चैलेंज फुटबॉल प्रतियोगिता का समापन हुआ। फाइनल मुकाबले में कुम्हरता और मेजबान दरिमा की टीमें आमने-सामने थीं, जिसमें कुम्हरता ने खिताबी जीत दर्ज कर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। प्रतियोगिता में कुल 24 टीमों ने हिस्सा लेकर खेल कौशल का प्रदर्शन किया। फाइनल मैच की शुरुआत से ही दोनों टीमें आक्रामक दिखीं। पहले हाफ में कुम्हरता के अनीश ने शानदार गोल कर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। मध्यांतर के बाद दरिमा के नीलभूषण सिंह ने गोल दागकर मुकाबला बराबरी पर ला दिया। खेल के अंतिम क्षणों में कुम्हरता के अरुण ने फिर बढ़त बनाई, लेकिन दरिमा के उजीत सिंह मरावी ने जवाबी गोल कर स्कोर 2-2 कर दिया। निर्धारित समय तक मैच बराबरी पर रहने के कारण ट्राई ब्रेकर का सहारा लिया गया, जिसमें कुम्हरता ने 5-4 से बाजी मार ली। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक प्रबोध मिंज उपस्थित रहे। उनके साथ विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला पंचायत सदस्य अनीमा करकेट्टा, जनपद अध्यक्ष (लखनपुर) विक्रम सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए पुरस्कार वितरित किए। विजेता कुम्हरता को 60 हजार नगद व शील्ड दी गई। उपविजेता दरिमा को 40 हजार नगद व शील्ड दी गई। वहीं, मैन ऑफ द मैच अरुण (कुम्हरता) व मैन ऑफ द सीरीज का पुरस्कार उजीत सिंह मरावी (दरिमा) ने जीता। विधायक प्रबोध मिंज ने कहा कि खेल अनुशासन और टीम भावना का संदेश देते हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह की प्रतियोगिताएं प्रतिभा निखारने का बड़ा माध्यम हैं। इस अवसर पर दरिमा सरपंच गणेश प्रताप सिंह मौजूद रहे।


