ब्यावर के ऐतिहासिक बादशाह मेले में बादशाह की मौत:सवारी के दौरान हार्ट अटैक से चंद्रप्रकाश अग्रवाल का निधन

ब्यावर के ऐतिहासिक बादशाह मेले में इस वर्ष ‘बादशाह’ की भूमिका निभा रहे चंद्रप्रकाश अग्रवाल का सवारी के दौरान अचानक दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। इस घटना के बाद मेले में खुशी का माहौल शोक में बदल गया और पूरे शहर में दुख छा गया। डॉक्टरों की कोशिश के बाद भी नहीं बची जान बताया गया है कि बादशाह सवारी के दौरान चंद्रप्रकाश अग्रवाल की तबीयत अचानक खराब हो गई। मौके पर मौजूद लोगों और प्रशासन ने उन्हें तुरंत अमृतकौर अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, डॉक्टरों के प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका और डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सभी कार्यक्रम रोके इस घटना की सूचना मिलते ही मेले में चल रहे सभी कार्यक्रम तत्काल प्रभाव से रोक दिए गए। अजमेरी गेट के बाहर चल रहा डीजे बंद कर दिया गया और जिला कलेक्टर कार्यालय ब्यावर में होने वाला पारंपरिक गुलाल युद्ध भी रद्द कर दिया गया। प्रशासन ने केवल औपचारिक रूप से फरमान जारी कर मेले के समापन की घोषणा की। आत्मा की शांति के लिए की प्रार्थना इस आकस्मिक घटना से बादशाह मेला समिति और जिले के निवासियों में गहरा दुख है। सुबह तक जहां शहर में उत्सव का माहौल था, वहीं शाम होते-होते उदासी छा गई। विभिन्न सामाजिक संगठनों, व्यापारिक मंडलों और नागरिकों ने चंद्रप्रकाश अग्रवाल के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी। शहरवासियों ने इस घटना को मेले के इतिहास की एक दुखद घटना बताया और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *