जयपुर पहुंचे अनुपम खेर, आरआईसी में एक्टिंग करते दिखेंगे:‘कुछ भी हो सकता है’ नाटक के 500वें शो का गवाह बनेगा शहर, एनएसडी के नाटक भी होंगे प्रस्तुत

बॉलीवुड के वरिष्ठ अभिनेता अनुपम खेर बुधवार को जयपुर पहुंचे। वे ‘रंग राजस्थान फेस्टिवल’ के तहत अपने चर्चित नाटक ‘कुछ भी हो सकता है’ की प्रस्तुति देने आए हैं। इस एकल नाटक का मंचन गुरुवार को राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर में किया जाएगा। रंग राजस्थान रंग रथ यात्रा के पहुंचने पर इस नाटक की प्रस्तुति होगी। जयपुर एयरपोर्ट पर अभिनेता का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इस दौरान एक्टर हनी ट्रूपर और शुभम गुप्ता ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर अभिनंदन किया। एयरपोर्ट पर मौजूद प्रशंसकों ने भी उनके साथ तस्वीरें खिंचवाईं और शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर अनुपम खेर ने मीडिया से बातचीत में कहा कि उनके इस नाटक का देशभर में कई बार सफल मंचन हो चुका है। उन्होंने बताया कि ‘कुछ भी हो सकता है’ केवल एक नाटक नहीं, बल्कि जीवन के अनुभवों से जुड़ी एक प्रेरणादायक यात्रा है। उन्होंने कहा कि यह नाटक हर उम्र के लोगों के लिए एक संदेश देता है। इसमें संघर्ष, असफलता, आत्मविश्वास और सपनों को पूरा करने की कहानी है। दर्शक इससे खुद को जुड़ा हुआ महसूस करते हैं। उल्लेखनीय है कि ‘कुछ भी हो सकता है’ अनुपम खेर के जीवन से प्रेरित एक एकल नाट्य प्रस्तुति है, जिसमें वे अपने व्यक्तिगत और पेशेवर संघर्षों को रोचक अंदाज में साझा करते हैं। यह नाटक युवाओं के साथ-साथ वरिष्ठ दर्शकों को भी सकारात्मक सोच और आत्मविश्वास का संदेश देता है। 5 शहरों का सफर, 1500 कलाकारों का संगम बीकानेर से 23 फरवरी को शुरू हुई यह अनूठी ‘रंग राजस्थान रंग रथ यात्रा’ 21 मार्च तक प्रदेश के पांच प्रमुख शहरों बीकानेर, जयपुर, भीलवाड़ा, जोधपुर और अजमेर का सफर तय करेगी। यह भव्य महोत्सव कला एवं संस्कृति विभाग, राजस्थान पर्यटन विभाग और राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है। आयोजन प्रबंधन जयपुर की प्रतिष्ठित संस्था ‘रंग मस्ताने’ और नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा (NSD) द्वारा किया जा रहा है। करीब एक माह तक चलने वाले इस कला कुंभ में देश-दुनिया के लगभग 1500 कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगे। NSD और दिग्गज निर्देशकों के नाटकों की गूंज उत्सव के दौरान राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय (NSD) और देश के 20 ख्यातिप्राप्त निर्देशकों के नाटकों का मंचन होगा। इनमें राम गोपाल बजाज, फिरोज़ अब्बास खान और देवेंद्र राज अंकुर जैसे दिग्गज शामिल हैं। • 5 मार्च – शाम 7:30 बजे, RIC में ‘कुछ भी हो सकता है’
• 5 मार्च – शाम 5:30 बजे, महाराणा प्रताप ऑडिटोरियम में सुप्रसिद्ध नाटक ‘ताजमहल का टेंडर’
• 6 मार्च – शाम 7:30 बजे, RIC में ‘थीव्स कार्निवल’ (NSD दिल्ली)
• 6 मार्च – दोपहर 3:00 बजे, जवाहर कला केंद्र में संदीप मदान फेलोशिप के तहत ‘गद पट्टी और रेख’
• 6 मार्च – शाम 5:30 बजे, जवाहर कला केंद्र में राजेंद्र पांचाल निर्देशित ‘शून्य गढ़ शहर’
• 7 मार्च – शाम 7:30 बजे, RIC में NSD रिपर्टरी द्वारा ‘जनक नंदिनी’ मैथिली ठाकुर की लोक लहरियों के साथ होगा समापन जयपुर में इस कला उत्सव का भव्य समापन 8 मार्च को शाम 7:30 बजे RIC में होगा। समापन संध्या को यादगार बनाने के लिए सुप्रसिद्ध लोक गायिका मैथिली ठाकुर पहली बार जयपुर में अपनी विशेष प्रस्तुति देंगी। महोत्सव के टिकट ‘बुक माय शो’ के साथ-साथ राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर और जवाहर कला केंद्र के काउंटर पर उपलब्ध हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *