राजस्थान लोक सेवा आयोग की सहायक अभियंता (सिविल) परीक्षा में फर्जीवाड़े के मामले में ₹25 हजार के इनामी डमी परीक्षार्थी गुरदीप दास को एसओजी ने गिरफ्तार किया है। विशाल बंसल, अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (SOG) ने बताया कि राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित परीक्षा (21 मई 2023) में मूल अभ्यर्थी इंद्राज सिंह के स्थान पर डमी कैंडिडेट बैठाया गया था। जांच में प्रवेश पत्र में फोटो बदलने और षड्यंत्रपूर्वक परीक्षा दिलवाने का खुलासा हुआ। इस मामले में एसओजी, जयपुर में मामला दर्ज कर पहले ही इंद्राज सिंह सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। फरार चल रहे गुरदीप दास पर इनाम घोषित किया गया था। एसओजी की टीम ने आरोपी को हरियाणा से डिटेन कर गिरफ्तार किया। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि उसने ब्लूटूथ डिवाइस के जरिए बाहरी सहायता लेकर परीक्षा में नकल कराई। जांच में यह भी पता चला है कि गुरदीप दास केवल 12वीं पास है और उसके पास कोई इंजीनियरिंग डिग्री नहीं है, इसके बावजूद उसकी सफलता पेपर लीक की ओर इशारा करती है। इस एंगल से भी गहन जांच की जा रही है। आरोपी के खिलाफ हरियाणा और राजस्थान में कुल 7 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पूर्व में भी वह डमी परीक्षार्थी के मामलों में संलिप्त पाया गया है। अब तक इस मामले में चार अभियुक्तों की गिरफ्तारी हो चुकी है। एसओजी द्वारा पेपर लीक और ब्लूटूथ नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।


