अलवर जिले के मालाखेड़ा थाना क्षेत्र के पूनखर गांव में दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। मारपीट में एक पक्ष के छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का इलाज जिला अस्पताल में जारी है। पीड़ित पक्ष ने थाने में मामला दर्ज करा दिया है। परिजन मनोज कुमार के अनुसार, बुधवार दोपहर करीब 3 बजे उनके पिता किशन लाल घर के बाहर बैठे थे। आरोप है कि पड़ोसी रोहिताश और पवन शराब के नशे में गालियां दे रहे थे। जो धुलंडी पर शराब पीकर आए हुए थे। जब परिवार के लोगों ने समझाने की कोशिश की तो विवाद बढ़ गया। आरोप है कि रोहिताश, सुरेंद्र और पवन ने धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में किशन लाल, महेंद्र, पायल, कमल, किशोर, घनश्याम और हंसा घायल हो गए। परिजनों का कहना है कि आरोपियों के हाथों में लोहे की पाइप, साइकिल के चक्के का नुकीला हथियार और फरसी थी, जिनसे जमकर मारपीट की गई। मालाखेड़ा थानेदार हरदयाल ने बताया की दोनों होली खेलते हुए झगड़ा हुआ है जिसकी जांच की जा रही है। घायलों को पहले मालाखेड़ा अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत में उन्हें अलवर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने लिखित शिकायत लेकर जांच शुरू कर दी है।


