पिंडवाड़ा थाना क्षेत्र के खारा फली में मंगलवार शाम करीब 7:30 बजे पुरानी रंजिश को लेकर आरोपियों ने एक महिला समेत तीन लोगों पर पथराव कर दिया। चार से पांच लोगों ने किए गए इस हमले में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों घायलों को स्वरूपगंज के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। घायलों में रोहिड़ा जोड़ नीमच माता निवासी मेवा पत्नी समना राम, भुताराम पुत्र समनाराम और छगन पुत्र समना राम शामिल है। घटना की सूचना मिलते ही एंबुलेंस 108 वीरवाड़ा के पायलट सुरेन्द्र सिंह देवड़ा और मेल नर्स रोहित पाटीदार मौके पर पहुंचे। तीनों घायलों को प्राथमिक उपचार देते हुए स्वरूपगंज के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। मेवा की हालत चिंताजनक होने के कारण उसे रेफर कर दिया गया। परिजन उसे लेकर गुजरात के लिए रवाना हो गए। सूचना पर सरूपगंज थाने से हेड कॉन्स्टेबल लक्ष्मण राम दल के साथ अस्पताल पहुंचे। स्वरूपगंज पुलिस ने घायलों का इलाज शुरू करवाया। मारपीट की वारदात की सूचना पिंडवाड़ा पुलिस को भी दी गई है।


