जयपुर डिस्कॉम की विजिलेंस टीम ने मंगलवार को ब्रह्मपुरी इलाके में होटल जय पैलेस में बिजली चोरी पकड़ी। जांच में सामने आया कि होटल में घरेलू कैटेगरी का कनेक्शन इस्तेमाल हो रहा था, लेकिन मीटर की डिस्प्ले और लोड में अंतर था। होटल मालिक मोहनलाल सैनी रिमोट के जरिए मीटर को बंद और चालू कर रहा था। टीम ने मौके पर रिपोर्ट बनाई और मीटर व रिमोट जब्त कर लिया। 17 लाख से ज्यादा लगाया जुर्माना एडिश्नल एसपी (विजिलेंस) महेंद्र कुमार शर्मा और सुपरिटेंडेंट इंजीनियर (विजिलेंस) बी.एल. शर्मा ने बताया कि बिजली चोरी के मामले में 17 लाख 3 हजार 259 रुपए का जुर्माना लगाया गया है। कनेक्शन काटकर रिकवरी की जाएगी। असिस्टेंट इंजीनियर (विजिलेंस-जयपुर सिटी सर्कल) पुखराज मीना समेत अन्य टीम मेंबर्स भी मौके पर मौजूद थे। समय पर भुगतान नहीं हुआ तो केस होगा अधिकारियों ने बताया कि अगर तय समय में जुर्माना जमा नहीं हुआ तो होटल संचालक के खिलाफ इलेक्ट्रिसिटी थेफ्ट पुलिस स्टेशन में केस दर्ज कराया जाएगा। विजिलेंस टीम का कहना है कि बिजली चोरी रोकने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है और आगे भी चेकिंग जारी रहेगी।


