भीलवाड़ा सांसद दामोदर अग्रवाल ने एसपी धर्मेंद्र सिंह से मिलकर गैंगरेप मामले में शेष अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। इस पूरे मामले में सांसद अग्रवाल ने बताया कि ऐसा प्रतीत हो रहा है कि इस मामले में किसी बड़े गिरोह का हाथ है जो की ऐसे रैकेट को ऑपरेट कर रहा है। इस पूरे प्रकरण को सामान्य नहीं मानते हुए इस विषय में गहन व उच्च स्तरीय जांच किराये जाने हेतु एसआईटी का गठन किया जाना आवश्यक है। जिससे इस तरह अवैध गतिविधियां चलाने वाले कैफे, रेस्टोरेन्ट जैसे स्पॉट व अन्य चेहरों को बेनकाब किया जा सके। इस तरह संगठित अपराध करने वाले गिरोह व इस तरह की गतिविधियों को अंजाम देने वाले स्थानों को भी उजागर किया जाना चाहिए। जिससे पीड़ितों को न्याय मिल सकें। इस मामले में योजनाबद्ध रूप से भोली-भाली बच्चियों को फसाने की साजिश रची गयी है। पुलिस इस मामले की विशेष जांच करे तो अन्य परतें खुल सकती है। जांच के दायरे को विस्तृत करते हुए आरोपियों की फंडिंग का भी खुलासा हो। सांसद अग्रवाल ने एसपी को पूरे घटनाक्रम से अवगत कराते हुए गहन जांच के लिए शीघ्र ही एसआईटी. गठित करने का आग्रह किया है। उन्होंने इस पूरे मामले को लव-जिहाद से संबंधित बताया। इसके साथ ही प्रशासन ऐसे आरोपियों के द्वारा किए गये अवैध निर्माणों को तुरन्त ध्वस्त करे जिससे इस प्रकार के अपराधों पर रोक लगाई जा सकें तथा कानून की पालना सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि कॉलोनियों व आउटर रोड़ पर बने कैफे, रेस्टोरेन्ट व अन्य स्थानों पर नियमित जांच जारी रखी जाए ताकि समय रहते ऐसे अपराधों पर अंकुश लगाया जा सकें। साथ ही अभिभावकों , स्कूल प्रशासन, शिक्षकों एवं कोचिंग सेन्टर से अपील कि की किसी भी असामान्य स्थिति पर नजर रखें। किसी भी तरह की परेशानी वाली जानकारी मिलने पर तुरन्त पुलिस एवं प्रशासन को सूचित किया जावें। पुलिस प्रशासन योजना लागू करे जिसमे आमजन से सहयोग लेकर ऐसे कृत्यों पर नजर रखने हेतु सीपीओ टीम (कम्युनिटी पुलिस ऑफिसर) गठित की जाए जो एसपी के अधीन वॉट्सऐप ग्रुप पर तुरन्त सूचना दे सके।


