83 की उम्र में पूर्व मंत्री का रिस्की स्टंट:सीएम बोले- ताड़ी का भी अलग आनंद है; उमा भारती की सलाह- थाना घेर लो

मध्य प्रदेश की राजनीति, नौकरशाही और अन्य घटनाओं पर चुटीली और खरी बात का वीडियो (VIDEO) देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन खबरों को आप पढ़ भी सकते हैं। ‘बात खरी है’ मंगलवार से रविवार तक हर सुबह 6 बजे से दैनिक भास्कर एप पर मिलेगा। सीएम मोहन यादव ने फिर किया ताड़ी का जिक्र
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने एक बार फिर ताड़ी का जिक्र किया। बड़वानी में आदिवासी संस्कृति, भगोरिया पर्व और प्रकृति की सराहना करते हुए उन्होंने ताड़ी की तारीफ की। उन्होंने कहा- क्या बोलते हैं उसे, जिसे झाड़ पर से उतारते हैं? मैं तो अनाड़ी हूं, मुझे तो मालूम नहीं है। मंच पर मौजूद लोगों ने जब ‘ताड़ी’ बताया तो सीएम मुस्कुराते हुए बोले- अच्छा, ताड़ा-ताड़ी जो भी है, उसका भी आनंद है। हालांकि यह पहली बार नहीं है। करीब तीन महीने पहले आलीराजपुर दौरे के दौरान भी मुख्यमंत्री ने प्रकृति की चर्चा करते हुए ताड़ी का जिक्र किया था। तब उन्होंने कहा था कि ताड़ी के पेड़ का आनंद अलग ही होता है। लोग भले कुछ भी कहें, लेकिन जो इसका मजा लेता है, वही बेहतर बता सकता है कि उसका अनुभव कैसा है। सीएम के इस बयान पर लोग अब चुटकियां ले रहे हैं। कह रहे हैं कि सीएम भले ही खुद को अनाड़ी बता रहे हैं, लेकिन ताड़ी को लेकर उनके पास पूरी जानकारी है। कुछ लोग ये भी कह रहे हैं कि ताड़ी की ज्यादा तारीफ से लोग कहीं बहक न जाएं। क्योंकि ये देसी सुरूर है। पूर्व सांसद का स्टंट देखकर हैरान रह गए लोग
‘बाबा जी’ के नाम से मशहूर पूर्व सांसद रामकृष्ण कुसमारिया ने 83 साल की उम्र में हैरतअंगेज एडवेंचर कर सबको चौंका दिया। उनका एक वीडियो भी सामने आया है, जो तेजी से चर्चा में है। दरअसल, एक कार्यक्रम के दौरान कुसमारिया आंखें बंद कर जमीन पर लेट गए। उनके शरीर से सटाकर कई नारियल रखे गए। इसके बाद बद्री विश्वकर्मा नाम के एक कलाकार ने आंखों पर पट्टी बांधकर एक-एक कर सभी नारियल फोड़ दिए। इस स्टंट को लेकर जहां कलाकार बद्री की तारीफ हो रही है, वहीं भाजपा नेता रामकृष्ण कुसमारिया की हिम्मत की भी लोग दाद दे रहे हैं। बता दें कि कुसमारिया पांच बार सांसद, चार बार विधायक और मंत्री भी रह चुके हैं। अब वे अपने इस साहसिक स्टंट को लेकर सुर्खियों में हैं। हालांकि, कुछ लोग यह भी कह रहे हैं कि राजनीति में जनता के बीच चर्चा में बने रहने के लिए नेताओं को कभी-कभी ऐसे स्टंट करने पड़ते हैं, लेकिन यह थोड़ा जोखिम भरा था। उमा भारती की कार्यकर्ता को थाना घेराव की सलाह
पांढुर्णा पहुंचीं पूर्व सीएम उमा भारती ने हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं को थाने का घेराव करने की सलाह दे दी। उन्होंने कहा कि यदि पुलिस शिकायत नहीं सुन रही है और कार्रवाई नहीं कर रही है, तो संबंधित थाने का घेराव किया जाना चाहिए। दरअसल, एक मामले में कार्रवाई नहीं होने से नाराज हिंदू संगठन के कार्यकर्ता उमा भारती से मिलने पहुंचे थे। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री के सामने पुलिस की निष्क्रियता को लेकर शिकायत की। इस पर उमा भारती ने कहा कि क्या छत्रपति शिवाजी महाराज ने पुलिस का मुंह देखा था? बहन-बेटियों और धर्म की रक्षा के लिए स्वयं आगे आना होगा। जो थाना कार्रवाई नहीं करता, उसका घेराव करिए। उनके इस बयान के बाद सियासी हलकों में चर्चा तेज हो गई है, क्योंकि प्रदेश में उनकी ही पार्टी भारतीय जनता पार्टी की सरकार है। हालांकि, उमा भारती भले ही इस समय सक्रिय मुख्यधारा की राजनीति में कम नजर आती हों, लेकिन समय-समय पर अपने बयानों से सुर्खियां बटोरती रहती हैं। बच्चों की गाड़ी चलाकर सड़कों पर निकले नेता जी
अशोक नगर में उस वक्त लोग हैरान रह गए, जब नगर पालिका अध्यक्ष नीरज मनोरिया बच्चों की गाड़ी चलाकर सड़कों पर निकल पड़े। राह चलते लोग उन्हें देखते रह गए और कईयों ने इस पल को अपने मोबाइल कैमरों में कैद कर लिया। कहते हैं, हर इंसान के भीतर कहीं न कहीं उसका बचपन छिपा होता है। नेता जी ने भी शायद उसी बचपन को कुछ इस अंजाद में खुलकर जी लिया। अब उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर चटकारे लेकर शेयर किया जा रहा है और लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। इनपुट सहयोग – कैलाश दुबे (दमोह), संजीव यादव (अशोक नगर), काशीनाथ बालपांडे (पांढूर्णा) ये भी पढ़ें –
होली पर सीएम ने ‘शोले’ का गाना गाकर दिया मैसेज: मंत्री विजयवर्गीय कैबिनेट बैठक में नहीं गए, भगोरिया में झूमे होली पर सीएम डॉ. मोहन यादव ने फिल्म शोले का गाना गाकर प्रेम से मिल-जुलकर रहने का संदेश दिया। सीएम अपने मंत्रियों के साथ बड़वानी जिले के नागलवाड़ी में कृषि कैबिनेट की बैठक में शामिल होने आए थे। इस बैठक में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और मंत्री प्रहलाद पटेल नजर नहीं आए। पूरी खबर पढ़ें

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *