नागौर-लाडनूं नेशनल हाईवे पर डेह स्थित कुंजल माता मंदिर के पास बुधवार को केमिकल से भरा एक टैंकर पलटने के बाद उसमें भीषण आग लग गई। आग की लपटें कई किलोमीटर दूर से दिखाई दीं, जिसके चलते प्रशासन ने हाईवे को अस्थायी रूप से बंद कर दिया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद चार दमकलों की मदद से आग पर काबू पाया गया। एहतियातन छह एम्बुलेंस भी मौके पर तैनात रखी गईं। चार दमकलों ने आग पर पाया काबू टैंकर पलटते ही उसमें आग भड़क उठी और हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलते ही सुरपालिया थाना पुलिस और नगरपरिषद की दमकलें मौके पर पहुंचीं। आग की तीव्रता को देखते हुए चार दमकलों को लगाया गया। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया गया, हालांकि तब तक टैंकर पूरी तरह जलकर खाक हो चुका था। गनीमत रही कि हादसे के समय पास में कोई अन्य वाहन नहीं था, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। टैंकर चालक लुकमान खान (निवासी बाड़मेर) समय रहते बाहर निकल गया, जिससे जनहानि टल गई। मोड़ पर बेकाबू होने के बाद पलटा सुरपालिया थानाधिकारी सुमन चौधरी ने बताया – टैंकर नागौर से लाडनूं की ओर जा रहा था। मोड़ पर संभवतः किसी जानवर के आ जाने से ड्राइवर संतुलन खो बैठा और टैंकर पलट गया। फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। घटना के बाद नेशनल हाईवे-458 पर दोनों तरफ लंबा जाम लग गया। प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर वाहनों को रोक दिया और लोगों को दूर रहने की हिदायत दी। आग बुझाने के बाद यातायात को धीरे-धीरे सुचारु किया गया।


