इंदौर में गेर की तैयारी:अव्यवस्थित केबलों को हटवाया, सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जा रहे, आसपास से ढंका राजवाड़ा

आगामी रविवार को इंदौर में गेर निकाली जाएगी। इसे लेकर गेर मार्ग को तैयार किया जा रहा है। जहां पेचवर्क की जरूरत है वहां पेचवर्क किया जा रहा है, वहीं जहां केबल अव्यवस्थित है उन्हें भी ठीक किया जा रहा है। इसके साथ ही जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं, ताकि गेर के दौरान गेर मार्ग पर नजर रखी जा सके। इंदौर में निकलने वाली पारंपरिक गेर को लेकर नगर निगम अपने स्तर पर तैयारियां कर रहा है। गेर मार्ग पर सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से विशेष अभियान भी चलाया जा रहा है। निगम की टीम द्वारा गेर मार्ग पर अ‌व्यवस्थित एवं अनावश्यक रूप से लटके केबल हटाए जा रहे हैं, ताकि गेर निकलने के दौरान किसी प्रकार की अड़चन ना आए। टीम द्वारा विजय चाट हाउस चौराहे से सराफा थाने के बीच जहां केबल, तार नीचे लटके हुए थे या अव्यवस्थित रूप से फैले हुए थे, उन्हें व्यवस्थित करने का काम कर दिया है। वहीं अब गेर मार्ग के दूसरे हिस्सों में जो अना‌वश्यक केबले लगी है उन्हें हटाया जाएगा।
निगमायुक्त क्षितिज सिंघल भी अधिकारियों को निर्देश दे चुके है कि गेर मार्ग पर किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, बाधक सामग्री या असुरक्षित ढांचे को तत्काल चिह्नित कर हटाया जाए, ताकि रंगपंचमी का आयोजन सुरक्षित, सुचारू और व्यवस्थित रूप से संपन्न हो सके। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया है कि भविष्य में दोबारा अव्यवस्थित केबल न लगें, इसके लिए नियमित रूप से निरीक्षण और सतत निगरानी रखी जाए। सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जा रहे
गेर के दौरान निगरानी रखने के लिए जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे है। राजवाड़ा और आसपास के इलाकों में कई जगह सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे है, ताकि गेर के दौरान सीसीटीवी से निगरानी की जा सके। इसके अलावा पुलिस ने राजवाड़ा के पास एक बिल्डिंग भी ड्रोन सिस्टम से नजर रखने और लाइव फुटेज देखने की व्यवस्था भी की है। वहीं राजवाड़ा के आसपास के हिस्से को तिरपाल से ढंक दिया गया है। बताया जा रहा है कि जल्द ही अगले हिस्से को भी ढंक दिया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *