अजमेर की सिविल लाइन थाना पुलिस ने पुलिस लाइन क्षेत्र से एक जूते-चप्पल की दुकान के संचालक को झांसा देकर गल्ले से 25 हजार रुपए की नगदी चोरी करने के आरोपी को गिरफ्तार किया है। उससे पुलिस मामले में पूछताछ कर रही है। सीआई शंभू सिंह ने बताया कि परिवादी ग्राम वहज जिला डीग निवासी विजय सिंह पुत्र गिर्राज सिंह है। जिसने थाने पर शिकायत दी थी कि उसकी दुकान पर 2 मार्च को दो युवक आए और जूते-चप्पल दिखाने की बात कही। उन्होंने जब युवकों से कहा कि दुकान के फर्स्ट फ्लोर चले वहां पर जूते हैं। इस पर एक युवक दुकान के ग्राउंड फ्लोर पर ही बहाना कर बैठ गया। जबकि दूसरा युवक दुकानदार के साथ फर्स्ट फ्लोर पर चला गया। जिसने कुछ देर बाद दुकानदार से कहा कि उसे जूते पसंद नहीं आए और नीचे आ गया। जिस पर दोनों युवक बाइक पर बैठकर चले गए। दुकान संचालक की जब नीचे आने पर गल्ले पर नजर पड़ी तो गल्ला खुला हुआ था। उन्होंने चैक किया तो गल्ले में रखे 25 हजार की नगदी गायब थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने सीसीटीवी फुटेज को चैक किया। जिस पर आरोपी का फुटेज नजर आ गया। उनके पड़ोसी दुकानदार ने एक आरोपी की पहचान डबल स्टोरी जेपी नगर निवासी फिरोज अब्दुल शेख पुत्र अब्दुल बदशाह शेख के रूप में की है। पुलिस ने चोरी का मुकदमा दर्ज किया और तुरंत आरोपी की तलाश की। पुलिस ने 24 घंटे में ही आरोपी युवक दबोच कर उससे पूछताछ की तो उसने चोरी करना स्वीकार कर लिया। जिस पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी 9 मुकदमे दर्ज हैं। वह बदमाश प्रवृति का है। पुलिस उससे रुपए बरामद करने का प्रयास कर रही है। साथ ही उसके अन्य साथी की भी तलाश कर रही है।


