सलूंबर की झल्लारा थाना पुलिस ने मोटर चोरी के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि दो बाल अपचारियों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने चोरी की गई मोटर भी बरामद कर ली है। एसएचओ जय किशन फुलवारिया ने बताया- पुंजा पटेल निवासी साठोदड़ा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनके उठिया वाला खेत स्थित खुले कुएं पर लगी तीन पावर की सबमर्सिबल मोटर 1 मार्च को सिंचाई के बाद बंद कर दी गई थी। 2 मार्च को खेत पर पहुंचने पर मोटर, दो पाइप और केबल गायब मिले। इसी दौरान, 2 मार्च की शाम को पास के बाटकिया वाला कुएं से भी भीमजी पटेल की मोटर चोरी होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच के लिए एक टीम का गठन किया। टीम ने नाकाबंदी कर संदिग्धों की तलाश शुरू की। साइबर सेल की सहायता से तकनीकी विश्लेषण किया गया। संदेह के आधार पर थाना क्षेत्र के झरमाल निवासी खेमराज मीणा को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान खेमराज ने दो बाल अपचारियों के साथ मिलकर मोटर चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने खेमराज को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। वहीं, विधि से संघर्षरत दोनों बाल अपचारियों को डिटेन कर सुधार गृह भेजा गया। सीआई फुलवारिया ने बताया कि आरोपियों ने पूछताछ में अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर आसपास के कई अन्य गांवों में भी मोटर चोरी की वारदातें करना कबूल किया है। पुलिस अन्य आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास कर रही है, जिससे कई अन्य वारदातों का खुलासा होने की उम्मीद है। इस कार्रवाई में प्रशिक्षु आरपीएस सेजल शेखावत, एसएचओ जय किशन फुलवारिया, एएसआई गंगाराम, एएसआई जुलेदार खान, हेड कॉन्स्टेबल सुरेन्द्र कुमार, अशोक कुमार, नवीन कुमार, नीरज, मयंक कुमार, यशपाल पाटीदार, पुष्पेन्द्र सिंह, नयनपाल सिंह, मणिलाल, जीगर तथा साइबर सेल के हेमेन्द्र सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


