देवास जिले की बीएनपी थाना पुलिस ने मानवता का परिचय देते हुए केरल से लापता एक युवक अजनाश को उसके परिजनों से मिलवाया। युवक पिछले एक माह से अपने घर से लापता था और परिजन उसकी तलाश में परेशान थे। जानकारी के अनुसार, युवक ट्रेन के माध्यम से पहले उज्जैन पहुंचा और फिर देवास आ गया। देवास के सियापुरा में ग्रामीणों ने उसे घूमते हुए देखा और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस उसे थाने ले आई। थाने में पुलिस ने युवक से बातचीत की, लेकिन वह अपने परिवार के बारे में ठीक से बता नहीं पा रहा था। युवक पढ़ा-लिखा होने के बावजूद संवाद स्थापित करने और परिवार की जानकारी जुटाने में काफी कठिनाई हुई। काफी प्रयासों के बाद युवक ने अपना नाम और परिजनों का संपर्क नंबर बताया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए परिवार से संपर्क किया और उन्हें युवक के देवास में सुरक्षित होने की सूचना दी। बताया गया कि युवक कुछ दिनों तक उज्जैन में भी रहा था और बाद में देवास पहुंचा था। सूचना मिलते ही युवक के मामा नईम और अन्य परिजन देवास पहुंचे। परिजनों को सामने देखकर युवक अजनाश भावुक हो गया। परिजनों ने देवास पुलिस और पुलिस अधीक्षक का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि वे पिछले एक महीने से युवक की तलाश कर रहे थे और केरल में कई स्थानों पर खोजबीन के बावजूद सफलता नहीं मिली थी। देवास पुलिस के फोन से ही उन्हें सही जानकारी मिल सकी। इस पूरे घटनाक्रम में बीएनपी थाना प्रभारी प्रीति कटारे और थाने के अन्य पुलिसकर्मियों की विशेष भूमिका रही।


