अस्पताल पहुंचाते वक्त एंबुलेंस में स्ट्रेचर से गिरा बीजेपी नेता:इलाज के दौरान तोड़ा दम, परिजन ने किया थाने का घेराव; एंबुलेंसकर्मियों पर केस

बीना के खिमलासा में सड़क हादसे में घायल भाजपा नेता हनुमत सिंह ठाकुर की बुधवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजन और ग्रामीणों ने एंबुलेंस कर्मचारियों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए खिमलासा थाने का घेराव किया। उनका कहना है कि घायल हनुमत को लेकर एंबुलेंस जब सागर के निजी अस्पताल पहुंची, तो उसका पिछला गेट खुला हुआ था। हनुमत सिंह स्ट्रेचर के बजाय एंबुलेंस के फर्श पर खून से लथपथ पड़े थे। इस नजारे को देख परिजन भड़क गए और मौके पर ही एंबुलेंस पायलट पुष्पेंद्र की पिटाई भी कर दी थी। बुधवार को इलाज के दौरान हनुमत के दम तोड़ने के बाद परिजन और ग्रामीण शव लेकर थाने पहुंच गए। विरोध प्रदर्शन के बाद पुलिस ने एंबुलेंस के पायलट, ईएमटी और टक्कर मारने वाले बाइक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। पहले मालथौन, फिर सागर किया गया था रेफर दरअसल, सेमरा गनपत गांव के निवासी और खिमलासा ग्रामीण मंडल के महामंत्री हनुमत सिंह ठाकुर एक मार्च को सड़क दुर्घटना का शिकार हो गए थे। अज्ञात बाइक सवार ने उन्हें सामने से जोरदार टक्कर मार दी थी। घायल अवस्था में उन्हें 108 एंबुलेंस से पहले मालथौन और फिर बेहतर इलाज के लिए सागर ले जाया गया था। देखिए, 4 तस्वीरें…
मामले की विस्तृत जांच कर रही पुलिस मामले की गंभीरता और ग्रामीणों के आक्रोश को देखते हुए प्रशासन हरकत में आया। खिमलासा थाना प्रभारी राधेश्याम पटेल ने बताया कि बाइक नंबर UP94 AE 0302 के चालक सहित 108 एंबुलेंस के ईएमटी हेमराज पटेल और पायलट पुष्पेंद्र अहिरवार के खिलाफ लापरवाही बरतने का केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। बुधवार को प्रदर्शन के दौरान स्थानीय किसान नेता इंदर सिंह भी थाने पहुंचे। उन्होंने सत्ताधारी दल बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि जिसने अपना पूरा जीवन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और बीजेपी की सेवा में लगा दिया, उसके कठिन समय में कोई भी बड़ा नेता सुध लेने नहीं आया। इस बेरुखी को लेकर कार्यकर्ताओं में भी काफी नाराजगी है। ये खबर भी पढ़ें… भोपाल में अस्पताल में तोड़फोड़, पुलिस पर पथराव भोपाल के पटेल नगर स्थित लक्ष्मी हॉस्पिटल में युवक की मौत के बाद हंगामा हो गया। मृतक के परिजन ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर विरोध किया और तोड़फोड़ शुरू कर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने समझाने की कोशिश की, लेकिन इसी दौरान परिजन और उनके परिचितों ने पथराव कर दिया। इसमें एक चार पुलिसकर्मी घायल हो गए। पढ़ें पूरी खबर…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *