बैतूल के काला पाठा इलाके में एक निजी स्कूल परिसर में खड़ी बस में बीती रात आग लग गई। देखते ही देखते बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई। आसपास के लोगों और स्कूल के चौकीदार ने तत्काल नगर पालिका की फायर ब्रिगेड को सूचना दी। दमकल वाहन के मौके पर पहुंचने तक बस का अधिकांश हिस्सा जल चुका था। गनीमत रही कि आग ने पास खड़ी अन्य बसों को अपनी चपेट में नहीं लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बस खड़ी करने के बाद संभवतः कोई स्विच चालू रह गया था, जिसके कारण शॉर्ट सर्किट हुआ और आग लग गई। इस घटना में करीब 25 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है। बैतूल गंज थाना प्रभारी नीरज पाल ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में आग का कारण शॉर्ट सर्किट ही माना जा रहा है। पुलिस ने आगजनी का प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।


