नर्मदापुरम जिले के रामपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सिलारी में होली की शाम अहिरवार समाज के दो पक्षों के बीच विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लाठी, डंडे और लोहे की रॉड से हमला कर दिया, जिसमें 10 लोग घायल हो गए। इनमें दो लोगों के सिर में गंभीर चोट आई है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराया। सभी घायलों को उपचार के लिए इटारसी के सरकारी अस्पताल भेजा गया। घटना बुधवार शाम करीब 7:38 बजे की बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक घर पर पत्थर फेंकने के शक को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई थी, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। गांव में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। दोनों पक्षों की ओर से दर्ज हुए काउंटर केस
रामपुर थाना पुलिस ने देर रात दोनों पक्षों की शिकायत पर काउंटर केस दर्ज किए हैं। एक पक्ष से फरियादी नरेन्द्र कुमार पथोरिया की शिकायत पर विनोद पिता सुखदेव पथोरिया (28), कृष्ण कुमार पिता चिमनलाल पथोरिया (27), गणेश पिता चिमनलाल पथोरिया (20) और ललित पिता चिमनलाल पथोरिया (22) निवासी ग्राम सिलारी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। वहीं दूसरे पक्ष से फरियादी प्रेम नारायण पथोरिया की शिकायत पर नरेन्द्र कुमार पथोरिया (42), राजेन्द्र पिता धीरज सिंह पथोरिया (30), छुटकी पिता शिवराम अहिरवार (22) और सागर पिता रमेश पथोरिया (21) निवासी ग्राम सिलारी के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। रामपुर थाना प्रभारी विपिन पाल ने बताया कि पत्थर फेंकने के शक में विवाद हुआ था। दोनों पक्षों ने लाठी, डंडे और लोहे की रॉड से हमला किया, जिसमें 10 लोग घायल हुए हैं। मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच की जा रही है। दोनों पक्षों से ये लोग घायल
हमले में एक पक्ष से नरेन्द्र कुमार, राजेन्द्र पथोरिया और छुटकी अहिरवार घायल हुए हैं। वहीं दूसरे पक्ष से विनोद पथोरिया, ममता बाई पथोरिया, कृष्ण कुमार अहिरवार, गणेश अहिरवार, तुलाराम पथोरिया, चिमनलाल और सौरभ अहिरवार घायल हुए हैं। सभी ग्राम सिलारी के निवासी बताए गए हैं। शहर में भी होली पर झगड़ा
इधर नर्मदापुरम शहर में सेठ गुरु प्रसाद स्कूल के पास होली खेलने की बात को लेकर दो युवकों के बीच विवाद हो गया। गाली-गलौज के बाद मारपीट की स्थिति बन गई। मामले में विकास संतोरे ने सुरेंद्र कहार के खिलाफ केस दर्ज कराया है, जबकि सुरेंद्र कहार ने भी विकास संतोरे के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


