एनडीपीएस एक्ट के तहत नामजद एक आरोपी तरनतारन जिले के गोइंदवाल साहिब में पुलिस हिरासत से फरार हो गया। आरोपी ने पेशाब करने का बहाना बनाकर पुलिसकर्मियों को धक्का दिया और हथकड़ी छुड़ाकर भागने में सफल रहा। पुलिस ने इस संबंध में गोइंदवाल साहिब थाने में मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। एएसआई अर्जन सिंह ने अपने बयान में बताया कि वे गोइंदवाल साहिब थाने के केस नंबर 110 धारा 22/61/85 एनडीपीएस एक्ट और 42, 52-ए प्रिजन एक्ट की जांच कर रहे थे। इस मामले में गांव साबरा, जिला तरनतारन निवासी हरजीत सिंह उर्फ काकी को 02.03.2026 को गिरफ्तार किया गया था। पेट में दर्द और बाथरूम जाने का किया बहाना आरोपी हरजीत सिंह उर्फ काकी को कोर्ट खडूर साहिब में पेश किया गया, जहां जज ने उसे ज्यूडिशियल रिमांड पर सेंट्रल जेल श्री गोइंदवाल साहिब भेजने का आदेश दिया। जब पुलिस पार्टी आरोपी को सेंट्रल जेल ले जा रही थी, तो हरजीत सिंह उर्फ काकी ने पेट में दर्द का बहाना बनाकर बाथरूम जाने की बात कही। पुलिस को धक्का देकर हुआ फरार बाथरूम जाते समय आरोपी ने मौका देखकर पुलिस पार्टी को धक्का दिया और तेजी से अपनी हथकड़ी छुड़ाकर फरार हो गया। इसके बाद उसके खिलाफ नया मामला दर्ज किया गया है। इस घटना के संबंध में डीएसपी गोइंदवाल साहिब अतुल सोनी ने बताया कि फरार आरोपी हरजीत सिंह को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस टीमें विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर रही हैं और उसे जल्द ही पकड़ लिया जाएगा। डीएसपी सोनी ने यह भी बताया कि जिले के एसएसपी सुरिंदर लांभा ने पुलिस पार्टी की लापरवाही के मामले में संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू करने का निर्देश दिया है।


