झालावाड़ में बुधवार रात पिड़ावा थाना क्षेत्र के बांसखेड़ी गांव में गौपुत्र सेना ने एक पिकअप वाहन को पकड़ा, जिसमें सोयाबीन भूसे की बोरियों के नीचे छिपाकर गोवंश की तस्करी की जा रही थी। हालांकि, तस्कर रात के अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। झालावाड़ गौपुत्र सेना के जिलाध्यक्ष विनीत पोरवाल ने बताया कि पिड़ावा थाना क्षेत्र से करीब 15 किलोमीटर दूर बांसखेड़ी गांव में मुखबिर की सूचना पर उनकी टीम ने तस्करों के वाहन का पीछा किया। टीम ने वाहन के टायरों को पंक्चर कर उसे रोका और तलाशी ली। वाहन में 10 से अधिक गोवंश भरे हुए पाए गए। फरार तस्करों की तलाश जारी
पोरवाल के अनुसार, इन गोवंश को दूसरे वाहन के माध्यम से गोशाला पहुंचाया गया, जबकि तस्करी में प्रयुक्त पिकअप वाहन को पिड़ावा पुलिस के हवाले कर दिया गया। प्रारंभिक जानकारी में पता चला है कि यह वाहन रायपुर क्षेत्र से गोवंश भरकर पिड़ावा, डग और फिर मध्य प्रदेश के रास्ते महाराष्ट्र के बूचड़खानों की ओर ले जाया जा रहा था।
इस मामले में पिड़ावा थानाधिकारी रामपाल यादव ने बताया कि पुलिस मौके पर कार्रवाई कर रही है। उन्होंने बताया कि वाहन से 8 से अधिक गोवंश बरामद किए गए हैं। पुलिस फरार तस्करों की तलाश कर रही है।


