होली के मौके पर 4 मार्च को मध्य प्रदेश के सभी शहरों में रंगों का त्योहार मनाया गाया। वहीं, छिंदवाड़ा में हुए दर्दनाक हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई। भोपाल के एक अस्पताल में मरीज की मौत से गुस्साए परिजन ने पुलिस पर पथराव कर दिया। रतलाम में मेडिकल पीजी के स्टूडेंट ने कार से अपने साथियों को कुचलने की कोशिश की। राजगढ़ में बुजुर्ग महिला की नाक और जीभ काटकर हत्या कर दी गई। पढ़िए, एमपी की 4 मार्च की 10 बड़ी खबरें… 1. सीएम ने गुलाल से खेली होली, शिवराज ने फाग गया; विदेशी मेहमान भी रंगों में सराबोर दिखे देशभर के साथ मध्य प्रदेश में भी बुधवार को होली का पर्व रंग, गुलाल और लोक परंपराओं के साथ मनाया गया। भोपाल के सीएम हाउस में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने फूलों और गुलाल से होली खेली। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने फाग गया। स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ला ने टिमकी और ढोलक की थाप पर फाग गाकर पारंपरिक होली मनाई। उज्जैन में सांसद अनिल फिरोजिया ‘भीगे चुनर वाली’ गीत पर झूमते नजर आए। रतलाम में मेयर प्रहलाद पटेल ने ‘लैला ओ लैला’ गीत पर डांस किया। वहीं, सागर में विधायक शैलेंद्र जैन ने पत्नी के साथ ‘चल छैंया-छैंया’ पर थिरककर कार्यकर्ताओं के साथ होली मनाई। निवाड़ी और खजुराहो में विदेशी मेहमानों ने भी जमकर रंगों का त्योहार मनाया। पढ़ें पूरी खबर… 2. दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने से टक्कर, 4 की मौत; छिंदवाड़ा में एक की हालत नाजुक छिंदवाड़ा जिले के चौरई में दो मोटरसाइकिलों की टक्कर में चार युवकों की जान चली गई जबकि एक घायल है। एक्सीडेंट सिहोरा-माचागोरा रोड पर धनोरा गोसाई पुलिया के पास हुआ। पुलिस के मुताबिक, दोनों बाइक तेज रफ्तार में विपरीत दिशाओं से आ रही थीं। एक बाइक पर तीन और दूसरी बाइक पर दो लोग सवार थे। हादसे की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। मृतकों की पहचान राहुल पाल, विनोद उर्फ चंगू यादव, राहुल कहार सहित एक अन्य के रूप में हुई है। दो मृतकों की उम्र करीब 30 और 35 वर्ष बताई गई है। वहीं, एक की उम्र 28 से 32 वर्ष के बीच है। पुलिस का मानना है कि हादसे की वजह तेज रफ्तार है। पढ़ें पूरी खबर… 3. अस्पताल में तोड़फोड़, पुलिस पर पथराव; मरीज की मौत के बाद गुस्साए परिजन का हंगामा भोपाल के पटेल नगर स्थित लक्ष्मी हॉस्पिटल में एक युवक की मौत के बाद परिजन ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया। उन्होंने हॉस्पिटल में तोड़फोड़ कर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने समझाने की कोशिश की, लेकिन परिजन ने पथराव कर दिया। इसमें एक पुलिसकर्मी के सिर में गंभीर चोट आई, जबकि तीन अन्य को मामूली चोटें लगी हैं। पुलिस ने हंगामा कर रहे दो दर्जन से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया है। बताया गया है कि लक्ष्मण वंशकार आदमपुर छावनी का रहने वाला था। उसे पेट की गंभीर समस्या थी। 2 मार्च को चक्कर आने के बाद बेहोश हो गया था। उसे लक्ष्मी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। फिलहाल, कार्डियक अरेस्ट से मौत की बात कही जा रही है। पढ़ें पूरी खबर… 4. मेडिकल स्टूडेंट्स को कार से कुचलने की कोशिश; पीजी रेसिडेंट्स ने आरोपी को पीटा, 5 टांके लगे रतलाम के डॉ. लक्ष्मी नारायण पांडे मेडिकल कॉलेज के पीजी स्टूडेंट ने अपनी कार से पांच-सात साथी स्टूडेंट्स को कुचलने की कोशिश की। विवाद कॉलेज कैंपस में होली खेलते वक्त हुआ। दरअसल, मेडिकल कॉलेज में थर्ड ईयर के फिजियोलॉजी के स्टूडेंट्स शाम 4 बजे होली खेल रहे थे। इसी बीच, राजस्थान के जयपुर के रहने वाले डॉ. रजत अली खान अपने दोस्तों के साथ कार में आए। होली खेल रहे स्टूडेंट्स ने उनसे दूसरे रास्ते से जाने को कहा। बहस के बाद दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। होली खेल रहे स्टूडेंट्स ने कार रोकने की कोशिश की, लेकिन रजत अली खान नहीं रुके। उन्होंने स्टूडेंट्स को कुचलने की कोशिश करते हुए गाड़ी तेज रफ्तार में आगे बढ़ा दी। मारपीट में घायल रजत के सिर पर टांके लगे हैं। वहीं, साथी स्टूडेंट्स भी घायल हुए हैं। पढे़ं पूरी खबर… 5. अस्पताल पहुंचाते वक्त एंबुलेंस में स्ट्रेचर से गिरा बीजेपी नेता; इलाज के दौरान तोड़ा दम, एंबुलेंसकर्मियों पर केस बीना के खिमलासा में सड़क हादसे में घायल भाजपा नेता हनुमत सिंह ठाकुर की बुधवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजन और ग्रामीणों ने एंबुलेंस कर्मचारियों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए खिमलासा थाने का घेराव किया। उनका कहना है कि घायल हनुमत को लेकर एंबुलेंस जब सागर के निजी अस्पताल पहुंची, तो उसका पिछला गेट खुला हुआ था। हनुमत सिंह स्ट्रेचर के बजाय एंबुलेंस के फर्श पर खून से लथपथ पड़े थे। हनुमत के दम तोड़ने के बाद परिजन और ग्रामीण शव लेकर थाने पहुंच गए। विरोध प्रदर्शन के बाद पुलिस ने एंबुलेंस के पायलट, ईएमटी और टक्कर मारने वाले बाइक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। पढ़ें पूरी खबर… 6. 70 वर्षीय महिला की नाक-जीभ काटी;, राजगढ़ में खेत में दर्द से तड़पती मिली, अस्पताल में तोड़ा दम, रेप की आशंका राजगढ़ जिले में 70 साल की महिला की नाक और जीभ धारदार हथियार से काट दी गई। वह गंभीर हालत में दर्द से तड़पती हुई मिली। परिवार वाले तुरंत खिलचीपुर अस्पताल ले गए, जहां उसकी मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक जहां महिला घायल अवस्था में मिली, उसके पास ही एक खटिया भी पड़ी थी। इस पर खून बिखरा मिला है। ऐसे में महिला से रेप की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने घेराबंदी कर साक्ष्य जुटाए हैं। महिला के पोते को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने बताया कि दोपहर में खिलचीपुर अस्पताल में दो डॉक्टरों की टीम ने महिला के शव का पोस्टमॉर्टम किया। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह सामने आएगी। महिला के पोते को हिरासत में लिया गया है। फिलहाल मामले की जांच कर रहे हैं। पढ़ें पूरी खबर… 7. कार ने बाइक को मारी टक्कर, दो नाबालिगों की मौत; सतना में दोस्त की बर्थडे पार्टी से लौट रहे थे सतना-चित्रकूट स्टेट हाईवे पर चितहरा मोड़ के पास कार और बाइक की आमने-सामने टक्कर में दो नाबालिग किशोरों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि दोनों के शव सड़क से 50 मीटर दूर पड़े मिले। मृतकों की पहचान पुराने खेर चितहरा निवासी प्रमोद सिंह पिता लेखन सिंह और मोहित सिंह पिता नरेंद्र सिंह के रूप में हुई है। दोनों की उम्र 17 साल बताई गई है। दोनों लड़के पास के गांव कठौता में एक दोस्त की जन्मदिन पार्टी में शामिल होने के बाद बाइक से घर लौट रहे थे। मझगवां थाना प्रभारी आदित्य नारायण धुर्वे के अनुसार, चित्रकूट की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार नंबर MP19 ZB 4144 ने चितहरा मोड़ पर बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। पढ़ें पूरी खबर… 8. भाजपा MLA ने बनाए 106 विधायक प्रतिनिधि, स्कूल-कॉलेज से लेकर बिजली शाखा तक नियुक्तियां कीं मध्य प्रदेश में बीजेपी विधायक अपने प्रतिनिधि नियुक्त करने का रिकॉर्ड तोड़ रहे हैं। पिछले साल प्रीतम लोधी ने थानों में विधायक प्रतिनिधि नियुक्त कर सुर्खियां बटोरी थीं। अब शिवपुरी जिले की करैरा विधानसभा सीट से बीजेपी विधायक रमेश खटीक ने एक कदम आगे बढ़ते हुए 106 विधायक प्रतिनिधि नियुक्त कर दिए हैं। करैरा विधायक ने जिला मुख्यालय के लगभग सभी विभागों के साथ-साथ अपने विधानसभा क्षेत्र के स्कूल, कॉलेज, छात्रावास और निजी विश्वविद्यालयों में भी प्रतिनिधि बनाए हैं। इतना ही नहीं, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और पशु अस्पतालों में भी विधायक प्रतिनिधियों की नियुक्ति की गई है। पढ़ें पूरी खबर… 9. महाकाल मंदिर के पास हेरिटेज होटल में बना नॉनवेज, स्टाफ की बातचीत का VIDEO उज्जैन के सम्राट विक्रमादित्य द हेरिटेज होटल में नॉनवेज पकाने का वीडियो सामने आया है। यह होटल महाकाल मंदिर से सिर्फ 100 मीटर की दूरी पर है। शुद्ध शाकाहारी घोषित इस होटल का संचालन मध्य प्रदेश पर्यटन निगम (MPT) कर रहा है। वीडियो में स्टाफ होटल के अधिकारियों और अपने लिए रात में मांस- मछली पकाते हुए दिखाई दे रहा है। इस दौरान कर्मचारी कहते सुनाई दे रहे हैं कि मुर्गा-मछली के हाथ धो लेना। इतना ही नहीं, नॉनवेज पकाते समय रात में किचन के सीसीटीवी कैमरे का एंगल भी बदल दिया जाता है। वीडियो वायरल होने के बाद उज्जैन में हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ता नाराज हैं। उन्होंने होटल के स्टाफ पर कार्रवाई की मांग की है। पढ़ें पूरी खबर… 10. गोमांस तस्करी केस में नया खुलासा, भानू-राजेश का ऑडियो; मामले में सेटलमेंट की कोशिश भोपाल के गोमांस तस्करी केस में बर्खास्त रेलकर्मी राजेश तिवारी का एक और ऑडियो सामने आया है। इसे जारी किया है भानू हिंदू ने। दावा किया गया है कि दूसरी तरफ आवाज राजेश तिवारी की है, जिसमें भानू हिंदू से बातचीत करते हुए मामले में असलम चमड़ा के मामले में सेटलमेंट की कोशिश की जा रही है। इससे पहले आए एक वीडियो में राजेश तिवारी कहता नजर आया था कि भानू को भी सेट कर लेंगे। वह भानू से कहता है कि ‘चमड़े के घर वाले’ मिलना चाहते हैं। इस पर भानू इनकार करते हुए कहते हैं कि उनसे मिलना ठीक नहीं रहेगा, क्योंकि मामला कोर्ट में है। किसी तरह की मुलाकात उचित नहीं होगी। भानू यह भी कहते सुनाई देते हैं कि अपन कोई कंप्रोमाइज नहीं करेंगे। पढ़ें पूरी खबर…


