ट्रेन में जज की पत्नी गायब, टॉयलेट में मिला शव:रतलाम जीआरपी ने मोबाइल लोकेशन से किया ट्रेस; परिजन ने नहीं कराया पोस्टमॉर्टम

रतलाम के जावरा रेलवे स्टेशन पर बुधवार को एक महिला यात्री की ट्रेन के टॉयलेट में शव मिला। बताया जा रहा है कि महिला के पति जज हैं। जब वे स्टेशन पर ट्रेन से उतरे तो उन्हें पत्नी नजर नहीं आई। पत्नी के नहीं मिलने पर उन्होंने स्टेशन पर काफी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने जीआरपी को सूचना दी। तब तक ट्रेन आगे निकल चुकी थी। पुलिस ने महिला के मोबाइल की लोकेशन ट्रेस की, जो ट्रेन में ही मिल रही थी। जावरा पहुंचने पर ट्रेन को रुकवाया गया और तलाशी ली गई। टॉयलेट के अंदर महिला का शव मिला। पति-पत्नी दोनों अलग-अलग कोच में थे मृतक उषा चौहान की उम्र 45 से 50 साल के बीच बताई जा रही है। जीआरपी के अनुसार राजस्थान के निम्बाहेड़ा में पदस्थ एडीजे राजकुमार चौहान और उनकी पत्नी उषा चौहान 4 मार्च को कांचीगुड़ा-भगत की कोठी एक्सप्रेस (17606) में सफर कर रहे थे। अलग-अलग कोच में रिजर्वेशन था। दोनों राजस्थान के सोयत स्टेशन से निम्बाहेड़ा के लिए बैठे थे। बुधवार सुबह निम्बाहेड़ा स्टेशन पर राजकुमार चौहान उतर गए, लेकिन पत्नी नहीं उतरीं। तय समय पर ट्रेन प्लेटफॉर्म से रवाना हो गई। स्टेशन पर एडीजे चौहान ने पत्नी को काफी तलाश किया। जब वह नहीं मिली तो उन्होंने जीआरपी को सूचना दी। जीआरपी ने सीसीटीवी चेक किए। कोच से उतरते हुए महिला नजर नहीं आई। इसके बाद आगे के स्टेशनों को जीआरपी ने सूचना दी। जीआरपी ने मोबाइल से ट्रेस की लोकेशन जीआरपी ने महिला के मोबाइल नंबर से लोकेशन ट्रेस की। लोकेशन ट्रेन में ही आई। तब तक ट्रेन रतलाम के जावरा स्टेशन पर पहुंच गई। ट्रेन के जिस कोच में महिला का टिकट था। वहां पर सर्च किया इसके बाद टॉयलेट चेक किया। टॉयलेट का अंदर से दरवाजा बंद मिला, तब दरवाजा तोड़ा गया। दरवाजा तोड़ने पर अंदर महिला मिली। इसके बाद उन्हें तुरंत जावरा के अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर रतलाम जीआरपी थाना प्रभारी मोतीराम चौधरी भी मौके पर पहुंचे। महिला के पति और परिजन भी जावरा पहुंचे। इसके बाद परिजन बिना पीएम कराए शव लेकर चले गए। मंदसौर में भी की जांच जीआरपी के अनुसार दोनों पति-पत्नी ट्रेन में अलग-अलग कोच में सफर कर रहे थे। निम्बाहेड़ा पहुंचने से पहले पत्नी उषा चौहान ने अपने पति को फोन कर बताया कि वह वॉशरूम जा रही हैं। इसके बाद जब ट्रेन निंबाहेड़ा स्टेशन पहुंची तो जज राजकुमार चौहान ट्रेन से उतर गए। लेकिन उनकी पत्नी बाहर नहीं आईं। जीआरपी ने ट्रेन को मंदसौर में रुकवाया, लेकिन वहां वॉशरूम का दरवाजा नहीं खोला जा सका। रतलाम जीआरपी थाना प्रभारी मोतीराम चौधरी ने बताया डॉक्टरों के अनुसार महिला को साइलेंट अटैक आया है। सूचना पर जावरा में दरवाजा तोड़ कर शव निकाला गया। परिजनों ने पीएम नहीं कराया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *