हाइपर क्लब गोलीकांड का आरोपी सट्टा खिलाते गिरफ्तार:पुलिस आधा सिर मुड़वाकर निकाल चुकी है जुलूस, पेशी के दौरान VIP ट्रीटमेंट भी दिखा था

रायपुर हाइपर क्लब गोली कांड का आरोपी विकास अग्रवाल सट्टा खिलाने के मामले में गिरफ्तार हुआ है। आरोपी विकास अपने एक दोस्त सौरभ जैन के साथ भारत-ऑस्ट्रेलिया सेमी फाइनल क्रिकेट में सट्टा खिला रहा था। तभी डीडी नगर पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ने टेक्निकल इनपुट और सूचना के आधार पर रेड मार दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के पास से महंगी जगुआर कार और करीब 2 लाख रुपए कैश भी जब्त किया है। सूत्रों के हवाले खबर है कि पुलिस को आरोपियों के पास से एक मास्टर आईडी भी मिली है। जो विकास अग्रवाल की है, जिसकी मदद से सौरभ जैन सट्टा खिला रहा था। इसके अलावा पुलिस को रेड एक्शन में सट्टा में पैसे लगाने वालों के डिटेल भी मिले हैं जिसकी जांच की जा रही है। फिलहाल इस मामले में पुलिस आरोपियों के खिलाफ गैंबलिंग एक्ट में एक्शन ले रही हैं। अब जानिए.. क्या था हाइपर क्लब गोलीकांड दरअसल विकास अग्रवाल रायपुर के गुढ़ियारी का रहने वाला है। 10 फरवरी 2024 को तेलीबांधा पुलिस की पेट्रोलिंग टीम को 10 फरवरी को गश्त के दौरान सूचना मिली कि हाइपर क्लब के पार्किंग ग्राउंड में विकास अग्रवाल और भाटागांव के रोहित तोमर के बीच विवाद हुआ है। दोनों के बीच किसी युवती से पुराने प्रेम संबंध की बात को लेकर बहसबाजी शुरू हुई। इस दौरान रोहित तोमर ने गुस्से में विकास की कार में अपने एक साथी के साथ मिलकर तोड़फोड़ कर दी। उसने विकास के साथ धक्कामुक्की भी की। घटना के बाद विकास ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल निकालकर रोहित की तरफ फायरिंग कर दी। रोहित ने जमीन पर बैठकर अपनी जान बचाई। हालांकि घटना में किसी को चोट नहीं आई है। विकास ने रोहित पर आरोप लगाया था कि उसने अपनी कार में रखे क्रिकेट बैट से उस पर हमला किया। रोहित के साथ उसका दोस्त सारंग मंधान भी शामिल था। इसके अलावा बीयर की बोतल से सीने पर वार किया। बोतल कोहनी पर लगी और खून निकलने लगा। विकास ने कहा था कि उसने अपने बचाव में हवाई फायर किया है। वहीं, रोहित का आरोप था है कि विकास ने उसके सिर पर फायर किया था जिससे उसकी मौत हो जाए। लेकिन वह नीचे बैठ गया जिससे गोली उसे नहीं लगी। उसकी जान बच गई। तेलीबांधा पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास के तहत मुकदमा दर्ज किया था। गोलीकांड के बाद पुलिस ने सिर मुड़वा कर निकाला था जुलूस हाइपर क्लब गोलीकांड के बाद आरोपियों का पुलिस ने जुलूस निकाला था। इस दौरान आरोपियों का सिर आधा मुड़वा दिया गया था। इसके अलावा उनके कपड़े भी फटे हुए थे। इस घटना के बाद पुलिस ने हाइपर क्लब पर भी एक्शन लिया था। इस घटना में रोहित तोमर विकास अग्रवाल के अलावा सारंग मान्धान और एक साथी अमित तनेजा गिरफ्तार हुए थे। पेशी के दौरान VIP ट्रीटमेंट भी हुआ था कैमरे में कैद गोली कांड के बाद पुलिस विकास अग्रवाल को पेशी के लिए रायपुर कोर्ट लेकर आई थी। इस दौरान विकास VIP ट्रीटमेंट लेते हुए कैमरे में कैद हुआ था। सोशल मीडिया में स्टिंग वीडियो वायरल हुआ था जिसमें वो बिना हथकड़ी के दोस्तों और रिश्तेदारों से बात करते दिखा था। इसके अलावा विकास के चाहने वालों ने उसके लिए लंच का बंदोबस्त भी किया था। इस मामले के सामने आने के बाद तत्कालीन एसपी ने जांच के आदेश दिए थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *