जोधपुर के चौपासनी हाउसिंग बोर्ड थाना क्षेत्र में सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी की वारदात सामने आई है। परिवार शहर से बाहर गया था और पीछे से चोरों ने वारदात को अंजाम दे दिया। चौपासनी हाउसिंग बोर्ड थाने में इस संबंध में गरिमा सिंह पुत्री ओमसिंह सांखला निवासी यूआईटी कॉलोनी, बीआर बिरला रोड, शंकर नगर पेट्रोल पंप के सामने, सीएचबी रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट में उन्होंने बताया कि उनके माता-पिता इलाज के लिए उदयपुर अपनी बड़ी बेटी के पास गए हुए थे, जिसके कारण घर पिछले करीब दो महीने से बंद पड़ा था। 1 मार्च 2026 को सुबह करीब 9 बजे होली का चंदा लेने सोसाइटी के लोग घर पहुंचे। कई बार आवाज लगाने के बाद भी जब कोई जवाब नहीं मिला तो वे अंदर गए, जहां घर का गेट खुला हुआ मिला। रिश्तेदार ने जाकर देखा तो टूटे मिले ताले इसकी सूचना ओमसिंह सांखला को दी गई। इसके बाद उन्होंने अपनी रिश्तेदार कामिनी को घर जाकर जांच करने के लिए कहा। कामिनी और उनके पति मौके पर पहुंचे तो घर का सामान बिखरा हुआ मिला तथा मेन गेट, छत के गेट और पीछे के गेट के ताले टूटे हुए पाए गए। कामिनी ने वीडियो कॉल के जरिए पूरी स्थिति गरिमा सिंह और ओमसिंह सांखला को बताई। इसके बाद गरिमा सिंह 2 मार्च को सुबह मुंबई से जोधपुर पहुंचीं और घर की जांच की। जांच करने पर पता चला कि घर के लॉकर में रखे नकद और जेवरात चोरी हो गए हैं। ये आइटम हुए चोरी चोरी हुए सामान में करीब 1 लाख 50 हजार रुपए नकद, फॉसिल कंपनी की तीन लेडीज हाथ घड़ियां, सोने के आभूषण कान की बाली एक जोड़ी (6 ग्राम), कान के टॉप्स एक जोड़ी (12 ग्राम), चैन एक नग (24 ग्राम), दो अंगूठियां (18 ग्राम) मिलकर कुल करीब 6 तोला सोने के जेवरात और चांदी के आभूषण नारियल (500 ग्राम), पायल तीन जोड़ी (250 ग्राम), बिछिया चार जोड़ी (120 ग्राम), 15 चांदी के सिक्के, एक कार की आरसी और घर के सभी पीतल के नल शामिल हैं। चोरी किए गए सामान की अनुमानित कीमत 10 लाख रुपए से ज्यादा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात चोरों की तलाश शुरू कर दी है।


