कांकेर जिले में खनिज विभाग ने अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ कार्रवाई की है। विभाग ने सोमवार को चारामा क्षेत्र में छापेमारी कर 10 चेन माउंटेन मशीनें जब्त कीं। कार्रवाई में मचान्दूर से 3, भिलाई से 3, कंडेल से 2 और तेलगुड़ा से 2 चेन माउंटेन मशीनें जब्त की गईं। खनिज विभाग के अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई पर्यावरण संरक्षण और सरकारी राजस्व की चोरी रोकने के लिए की गई है। इससे पहले 3 मार्च को युवा कांग्रेस ने चारामा एसडीएम को ज्ञापन सौंपा था। ज्ञापन में बताया गया कि अवैध रेत परिवहन से क्षेत्र में धूल प्रदूषण बढ़ रहा है। स्कूली बच्चों को टिप्पर से होने वाली दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। रेत से लदी गाड़ियों की आवाजाही से सड़कें खराब मचान्दूर, कंडेल, माहूद और भैरोद सहित अन्य गांवों में रेत से लदी गाड़ियों की आवाजाही से करोड़ों की लागत से बनी सड़कें क्षतिग्रस्त हो रही हैं। ज्ञापन देने वालों में विधानसभा महासचिव अजय अर्जुन देवांगन, पूर्व पार्षद सुभाष सोनकर, कैलाश कठोलिया साहू, चंदन रजक, ओमकार नेताम और ताहिर खान शामिल थे। खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन पर रोक के लिए ऐसी कार्रवाई भविष्य में भी जारी रहेगी।


