छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में आज जनपद पंचायत अध्यक्ष के लिए चुनाव हुआ। जिसमें भाजपा समर्थित प्रत्याशी ने अपने प्रतिद्वंदी प्रत्याशी को 11 वोटों से हरा दिया है। जिले के 7 जनपद पंचायत में आज अध्यक्ष के लिए चुनाव निर्धारित समय पर शुरू हुआ। जिसमें रायगढ़ जनपद पंचायत में अध्यक्ष पद के लिए 2 दावेदार चुनाव मैदान में थे। भाजपा समर्थित सुजाता सुकलाल चौहान और कांग्रेस समर्थित अनिता पटेल के बीच मुकाबला था। सुजाता चौहान को 18 और अनिता पटेल को 7 मत मिले थे। जिसके बाद विजयी प्रत्याशी को पीठासीन अधिकारी प्रमाण पत्र दिया। अन्य जनपद पर भी भाजपा का कब्जा रायगढ़ जनपद पंचायत के अलावा जिले के अन्य जनपद पंचायत में भी भाजपा समर्थित प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की है। जिसमें पुसौर जनपद अध्यक्ष में भाजपा समर्थित हेमलता चौहान, धरमजयगढ जनपद पंचायत में लीनव राठिया, खरसिया जनपद पंचायत में रामकुमारी राठिया ने जीत दर्ज की है। पूर्व सरपंच अब अध्यक्ष बनीं नवनिर्वाचित जनपद अध्यक्ष सुजाता सुकलाल चौहान ने बताया कि वे बेलरिया और बनोरा से पूर्व सरपंच थी। अभी चुनाव में जनपद अध्यक्ष बनी हूं। उन्होंने कहा कि मैं बहुत गर्व महसूस कर रही हूं और अपने क्षेत्र के विकास के लिए काम करूंगी।


