पिता की गुजरात में मौत, बेटे ने किया मर्डर केस:ठेकेदार के खिलाफ सांडवा थाने में दर्ज कराया मामला

चूरू जिले के सांडवा थाना क्षेत्र के उड़वाला गांव के 55 वर्षीय मजदूर भादरराम मेधवाल की गुजरात में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक के बेटे राजूराम ने ठेकेदार मुनीराम जाट पर हत्या का आरोप लगाते हुए सांडवा थाने में मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने शव का मेडिकल बोर्ड से रिपोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। सांडवा थानाधिकारी चैथमल वर्मा ने बताया कि राजूराम ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि उसके पिता भादरराम मेधवाल से गांव का ठेकेदार मुनीराम जाट रंजिश रखता था। मुनीराम जाट 21 फरवरी 2026 को भादरराम को काम के बहाने गुजरात के बीजापुर स्थित एक लोहे की रॉलिंग मिल में ले गया था। बिना सूचना पोस्टमॉर्टम करवाकर शव गांव भेजा
रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि 2 मार्च को ठेकेदार मुनीराम जाट ने अपने साथियों के साथ मिलकर षड्यंत्र रचकर भादरराम की हत्या कर दी। ठेकेदार ने गुजरात में परिजनों को बिना सूचना दिए शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर उसे गांव भेज दिया। मृतक का शव गुजरात के बीजापुर से एम्बुलेंस द्वारा गांव पहुंचते ही परिजनों और समाज के लोगों ने हत्या का आरोप लगाते हुए मेडिकल बोर्ड से दोबारा पोस्टमॉर्टम की मांग की। इसके बाद पुलिस ने यह प्रक्रिया पूरी की। बेटे को फोन पर लड़ाई की बात कही थी
मृतक के बेटे राजूराम ने बताया कि 2 मार्च की शाम करीब 6 बजे उनके पिता का फोन आया था। फोन पर भादरराम ने लड़ाई होने की बात कही और बाद में बात करने को कहा। इसके बाद उनका फोन बंद हो गया।
अगले दिन शाम करीब 5 बजे किसी ने फोन पर भादरराम की मौत होने की सूचना दी। राजूराम ने कई बार ठेकेदार को फोन किया, लेकिन उसकी जगह धर्माराम नायक बात करता रहा, जिसने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। शव पर चोटों के निशान मिले
परिजनों ने शव को देखा तो शरीर पर कई चोट के निशान होने का दावा किया। गांव पहुंचने पर कुछ लोगों ने समझौते की सलाह दी। चार मार्च को शव सांडवा सीएचसी लाया गया। शाम 8 बजे तक शव एम्बुलेंस में पड़ा रहा। सूचना मिलने पर तहसीलदार अमर सिंह व थानाधिकारी चैथमल वर्मा पहुंचे। शाम करीब 6 बजे बीदासर एसडीएम अमीलाल यादव भी सीएचसी पहुंचे। परिजन व प्रशासन के बीच मेडिकल बोर्ड से शव के रिपोस्टमॉर्टम की बात पर सहमति बनी। इसके बाद शव का मेडिकल बोर्ड से रिपोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने जीरो नंबर एफआईआर दर्ज कर ली हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *