टोंक जिले में होली के दौरान 2-3 दिन तक सुरक्षा ड्यूटी में लगे पुलिसकर्मियों ने गुरुवार को पुलिस लाइन में होली खेली। पुलिस लाइन के ग्राउंड में सुबह से ही पुलिसकर्मी एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली खेलते नजर आए। जवानों ने एसपी राजेश कुमार मीना को भी गुलाल लगाया और उनके साथ डीजे की धुन पर डांस किया। कुछ पुलिसकर्मियों ने एस पी राजेश कुमार मीना को कंधों पर बैठाकर जमकर डीजे पर डांस किया। ग्राउंड में बज रहे गानों के बीच पुलिसकर्मी रंग़-गुलाल से सराबोर होकर डांस करते दिखाई दिए। माहौल में रंगों की खुशबू और हंसी-मजाक के बीच जवानों ने होली का आनंद लिया। एसपी बोले- जवानों की मेहनत से त्योहार शांतिपूर्ण रहा। पुलिस लाइन में एसपी राजेश कुमार मीना, कलेक्टर कल्पना अग्रवाल और अन्य पुलिस अधिकारियों ने जवानों के साथ गुलाल लगाकर होली मनाई। कलेक्टर कल्पना अग्रवाल और एसपी राजेश कुमार मीना की टोंक में यह पहली होली रही। कलेक्टर भी पहुंचीं पुलिसकर्मियों के बीच इस दौरान कलेक्टर कल्पना अग्रवाल भी पुलिस लाइन पहुंचीं। उन्होंने पुलिस अधिकारियों और जवानों को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। पुलिस अधिकारियों ने भी कलेक्टर को गुलाल लगाकर अभिवादन किया। कलेक्टर और एसपी की मौजूदगी में पुलिसकर्मियों ने ग्राउंड में डीजे पर डांस किया और एक-दूसरे को रंग लगाकर होली मनाई। होली पर ड्यूटी में लगे थे पुलिसकर्मी होली के त्योहार पर जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस के जवान लगातार ड्यूटी में लगे रहे। इसी वजह से कई पुलिसकर्मी उस दिन होली नहीं खेल पाए थे। ऐसे में गुरुवार को जिला मुख्यालय की पुलिस लाइन में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने एक साथ होली खेली। जिले के कई थानों में भी थाना स्तर पर पुलिसकर्मियों ने होली मनाई। एसपी बोले- जवानों की मेहनत से त्योहार शांतिपूर्ण रहा एसपी राजेश कुमार मीना ने कहा कि जिले में होली का त्योहार शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। इसमें सभी पुलिसकर्मियों की ड्यूटी और मेहनत का बड़ा योगदान रहा। उन्होंने कहा कि जवान लगातार ड्यूटी में लगे रहे, इसलिए आज पुलिस लाइन में सभी ने मिलकर होली खेली। कलेक्टर बोलीं- टोंक की होली कलरफुल कलेक्टर कल्पना अग्रवाल ने बताया कि टोंक में उनकी यह पहली होली है। उन्होंने कहा कि यहां की होली काफी कलरफुल है। उन्होंने कहा कि कोडामार होली और सम्राट की सवारी भी उन्हें काफी अच्छी लगी। पूरी होली शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई। कलेक्टर ने कहा कि युवाओं की भागीदारी देखकर लगता है कि नई पीढ़ी भी कोडामार होली और सम्राट की सवारी जैसी परंपराओं में रुचि ले रही है।


