झालावाड़ में एबीवीपी की इकाई ने स्थानीय पीजी कॉलेज के प्रिंसिपल को ज्ञापन सौंपा है। संगठन ने छात्रों के एडमिट कार्ड जारी नहीं होने पर विरोध दर्ज कराया और तत्काल समाधान की मांग की। नगर मंत्री हर्षित जैन ने बताया कि आगामी परीक्षाओं के लिए कुछ छात्रों के एडमिट कार्ड जारी हो गए हैं, लेकिन बड़ी संख्या में छात्रों को अभी तक उनके प्रवेश पत्र नहीं मिले हैं। इससे उनकी परीक्षा में शामिल होने की संभावना पर संकट मंडरा रहा है। एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने इस समस्या को प्रशासनिक लापरवाही का परिणाम बताया। उन्होंने प्रिंसिपल से मांग की है कि सभी लंबित एडमिट कार्ड तुरंत जारी किए जाएं और इस संबंध में सार्वजनिक जानकारी उपलब्ध कराई जाए। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि इस समस्या का शीघ्र समाधान नहीं किया गया, तो छात्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे। ज्ञापन सौंपने वालों में नगर मंत्री हर्षित जैन, अजय बैरवा, इकाई सचिव उत्कर्ष कश्यप और टीकम नागर सहित अन्य सदस्य शामिल थे।
प्रिंसिपल ने एबीवीपी कार्यकर्ताओं को आश्वासन दिया है कि इस समस्या का जल्द ही निस्तारण किया जाएगा। छात्र संगठन ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे इस मुद्दे पर नजर बनाए रखें।


