अपना-कारोबार-अपनी-पहचान मुहिम के तहत अमृतसर में विशेष कैंप:विधायक डॉ. इंद्रबीर सिंह निज्जर ने 100 से ज्यादा महिलाओं को किया सम्मानित

अमृतसर में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उनके छोटे कारोबार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से “अपना कारोबार अपनी पहचान” मुहिम के तहत विशेष कैंप आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में हलका दक्षिणी में भी एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें अलग-अलग क्षेत्रों में अपना छोटा व्यवसाय चला रही महिलाओं को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर हलका दक्षिणी से AAP विधायक और पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. इंद्रबीर सिंह निज्जर ने मीडिया से बातचीत करते हुए बताया कि यह मुहिम खास तौर पर महिलाओं को प्रोत्साहित करने के लिए शुरू की गई है। उन्होंने कहा कि समाज में महिलाओं की भागीदारी लगभग 50 प्रतिशत है और वे घर तथा समाज दोनों जगह महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं, लेकिन कई बार उनकी मेहनत को उचित पहचान नहीं मिल पाती। डॉ. निज्जर ने बताया कि बहुत सी महिलाएं घर से ही टिफिन सेवा, सिलाई-कढ़ाई, ब्यूटी पार्लर, सैलून और अन्य छोटे-मोटे कारोबार के माध्यम से अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत बना रही हैं। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ऐसी मेहनती महिलाओं को समाज में एक नई पहचान देना और उनका हौसला बढ़ाना है। उन्होंने बताया कि हलका दक्षिणी क्षेत्र से 100 से अधिक महिलाओं की सूची तैयार कर उन्हें इस कैंप के दौरान सम्मानित किया गया। उन्होंने आगे बताया कि इन महिलाओं में से कुछ चयनित महिलाओं को चंडीगढ़ भी भेजा जाएगा, जहां उन्हें सरकारी स्तर पर बड़े मंच पर सम्मानित किया जाएगा। इससे न केवल इन महिलाओं का मनोबल बढ़ेगा बल्कि अन्य महिलाओं को भी अपने पैरों पर खड़े होने की प्रेरणा मिलेगी। डॉ. निज्जर ने कहा कि इस तरह के प्रयासों से महिलाओं में अपने काम के प्रति गर्व की भावना पैदा होती है। जब उन्हें यह महसूस होता है कि समाज और सरकार उनकी मेहनत की सराहना कर रहे हैं, तो उनका आत्मविश्वास और भी बढ़ जाता है। सरकार का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से मजबूत बनाना है, ताकि वे अपने परिवार और समाज के विकास में और अधिक योगदान दे सकें।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *