महासमुंद जिले में सरकारी शराब दुकानों में अवैध कारोबार करने वालों पर आबकारी विभाग ने कार्रवाई की है। बेमचा देशी शराब दुकान से कोचियों को बोरियों में शराब बेचने के मामले में दो सेल्समैन को बर्खास्त कर दिया गया है। आबकारी विभाग ने दोनों सेल्समैन को ब्लैकलिस्ट भी कर दिया है। अब वे छत्तीसगढ़ की किसी भी सरकारी शराब दुकान में काम नहीं कर सकेंगे। बर्खास्त सेल्समैन सुनील बंजारे ने बताया कि कोचियों से मिलने वाला कमीशन सुपरवाइजर को जाता था। उन्होंने सुपरवाइजर का नाम इसलिए नहीं बताया क्योंकि वह सरपंच भी हैं। बता दे कि मंगलवार को अवैध शराब बेचे जाने के मामले में दैनिक भास्कर ने खबर प्रकाशित की थी। जिसके बाद आबकारी विभाग की टीम प्रभारी नितिश बैस के नेतृत्व में दुकान पहुंची। टीम ने शराब दुकान के सुपरवाइजर लेखराज साहू समेत सभी सेल्समेन से पूछताछ की। सीसीटीवी फुटेज और स्टॉक रजिस्टर की जांच की गई। इसके बाद सेल्समैन सुनील बंजारे और कलश ध्रुव को बर्खास्त किया गया। हर एक पेटी पर लेते थे कमीशन कोचिए हर एक पेटी पर 100-200 रुपए का कमीशन देते थे। वहीं इस पूरे मामले के मास्टरमाइंड बरोंड़ा बाजार के नव निर्वाचित सरपंच और दुकान के सुपरवाइजर लेखराज साहू पर कोई कार्रवाई नहीं की गई है। …………………………………… अवैध शराब से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें… महासमुंद के सरकारी शराब दुकान में अवैध कारोबार:बोरियों में भरकर कोचियों को दे रहे शराब, 100-200 के कमीशन पर चल रहा खेल छत्तीसगढ़ के महासमुंद में शराब के अवैध कारोबार का मामला सामने आया है। तुमाडबरी नहर किनारे स्थित बेमचा देसी शराब दुकान पर कमीशन पर शराब बेची जा रही है। आरोप है कि इसमें आबकारी विभाग की मिलीभगत है। पढ़ें पूरी खबर…


